लोधा में महिला की हत्या के पकड़े गये आरोपी को लेकर पत्रकारो से वार्ता करते एसपी सिटी।
- फोटो : CITY OFFICE
थाना लोधा क्षेत्र के ल्हौसरा गांव में हुई 45 वर्षीय महिला की हत्या का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। हत्या उसके गांव के ही 22 वर्षीय प्रेमी ने प्रेम संबंधों का राज पत्नी के सामने खुलने पर घर में होने वाली कलह के छुटकारा पाने को की थी। हत्यारोपी को पुलिस ने रविवार को सुसंगत धाराओं में पाबंद कर जेल भेज दिया।
एसपी सिटी अभिषेक ने कार्यालय में प्रेसवार्ता में बताया कि ल्हौसरा गांव के मंदिर के पीछे 29 फरवरी को गांव की एक 45 वर्षीय महिला का शव मिला था। गला दबाकर उसकी हत्या की गई थी। पुलिस ने मामले की जांच की तो पता लगा कि हत्या उसके प्रेमी ने की थी, जो गांव से फरार हो गया। रविवार को थाना पुलिस की टीम ने आरोपी को मसकन से गिरफ्तार कर लिया। उसने पूछताछ में बताया कि महिला से तीन साल से प्रेम संबंध थे। पत्नी के सामने कुछ दिन पहले यह राज खुल गया था, जिससे घर में कलह होने लगी थी।
महिला को प्रेम संबंध खत्म करने को कहा तो उसने इनकार कर दिया। इस पर उसे 29 फरवरी को बहाने से मंदिर के पीछे बुलाया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को लूट दर्शाने के लिए वह महिला के पर्स और जेवर ले गया था। इतना ही नहीं महिला के परिवारीजनों को शक न हो इसके लिए वह खुद परिवार वालों के साथ रहा और खेत में शव मिलने पर उसने ही पुलिस को फोन कर हत्या की सूचना दी थी।
एसपी सिटी के मुताबिक आरोपी ट्रक क्लीनर का काम करता था। परिवारीजनों से पता लगा है कि वह मजदूरी कर जो भी कमाता था, सब पैसा शराब में उड़ा देता था। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह, एसआई चंचल सिरोही, कांस्टेबल उत्तम सिंह, सूर्यकांत, नागेंद्र कुमार शामिल रहे।