जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। एक जून से चार जुलाई के बीच की बात करें तो वायरस 3.58 गुनी रफ्तार से फैला है। इसके पीछे एक ओर जनता की तो दूसरी ओर सरकारी अमले की लापरवाही है। अनलॉक में लोग सतर्कता नहीं बरत रहे हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग से लेकर नगर निगम तक अब कोविड-19 के मरीजों के घर की 250 मीटर की परिधि तक को सील करने नहीं पहुंच रहा है। सैंपल के चार-पांच दिन बाद रिपोर्ट आ रही है। जिला प्रशासन तक इससे परेशान है। गनीमत यह है कि अभी तक जिले में सामुदायिक संक्रमण नहीं है। रैंडम सैंपलिंग के तहत 1315 लोगों की जांच रिपोर्ट में कुल 22 लोगों के संक्रमित मिलने पर रविवार को समीक्षा के आधार पर डीएम ने इस बात की पुष्टि की है।
कंटेनमेंट जोन के नाम पर लापरवाही
नई गाइडलाइंस के अनुसार, पहला मरीज मिलने पर 250 मीटर और उसी घर या मोहल्ले में दूसरा मरीज मिलने पर 500 मीटर का एरिया सील करना है, जिसमें 250 मीटर बफर जोन रहेगा। जबकि आलम यह है कि शनिवार को मामू भांजा की गुजरात वाली गली में 70 साल के एक वृद्ध कोरोना संक्रमित मिले। उनके घर के सामने रविवार दोपहर को धड़ल्ले से दुकानें खुलीं थीं। पूरा बाजार खुला था। यह लापरवाही तब है जब जिला प्रशासन, नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग, पुलिस की संयुक्त टीम को कंटेनमेंट जोन बनाने और उसकी निगरानी में लगाया गया है।
जनता हुई लापरवाह, नहीं रख रही सेहत का ख्याल
कोरोना के प्रसार में सरकारी अमला ही नहीं, जनता भी जिम्मेदार है। कोई भी व्यक्ति बाहर से आने की जानकारी जिला प्रशासन को नहीं दे रहा है। पुलिस और एलआईयू भी अब इस काम से अलग हो गई हैं। वहीं, लोग बिना जरूरत के बाजारों में घूम रहे हैं। पुलिस के डर या किसी के टोकने पर लोग मास्क लगा लेते हैं। मगर, सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों को तोड़ रहे हैं।
गनीमत है अभी, भविष्य की चिंता में सर्वे शुरू
डीएम चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि सरकारी कार्यालयों, व्यस्ततम बाजारों, स्ट्रीट वेंडर्स, ड्राइवर, वृद्धा आश्रम, नारी निकेतन, निजी अस्पताल आदि 14 स्थानों पर कुल 1315 लोगों की कोरोना जांच कराई गई। इनमें से 22 लोगों में कोरोना पाया गया। इससे स्पष्ट है कि जिले में अभी सामुदायिक प्रसार जैसी स्थिति नहीं है। हालांकि, शासन के निर्देश पर सर्वे कराना शुरू कर दिया है। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर सर्वे करेंगी। लक्षणों के आधार पर सैंपल भी लिया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, डीएम आफिस में 126 सैंपल हुए। आवास पर 52 सैंपल हुए। इनमें से तीन संक्रमित पाए गए। बीडीओ खैर आफिस में 32 सैंपल हुए। छिपेटी व महावीरगंज बाजार में 226 सैंपल हुए। स्ट्रीट वेंडर्स के 106 सैंपल हुए, जिनमें दो संक्रमित पाए गए। ड्राइवर्स (रोडवेज, ई-रिक्शा, ऑटो) के 124 सैंपल, वृद्धाश्रम, नारी निकेतन में 31 सैंपल, केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के 150 सैंपल लिए गए। निजी अस्पतालों से 76 सैंपल हुए। इनमें दो संक्रमित मिले। सीएमओ आफिस में 79 सैंपल हुए, इनमें 4 लोग संक्रमित मिले। धनीपुर मंडी में 201 सैंपल हुए, इनमें से 5 संक्रमित मिले। नगर निगम में 54 सैंपल हुए, इनमें पांच संक्रमित मिले। कमिश्नर आफिस में 44 और एसपी क्राइम आफिस में 14 लोगों के सैंपल लिए गए।
आंकड़े एक नजर में
तारीख केस सक्रिय स्वास्थ्य हुए मृत्यु
एक जून तक 163 60 75 16
चार जुलाई तक 585 369 347 24
कुल सैंपल- 17356
परिणाम- 15990
प्रतिक्षारत- 777
होम क्वारंटीन- 23550