सावधान हो जाइए। शहर में फैलने के साथ-साथ कोरोना वायरस ने अब गांव की ओर रुख कर लिया है। बृहस्पतिवार को 11 नए कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं, जिनमें महाराष्ट्र से आए सात प्रवासी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। सभी संक्रमित प्रवासी जनपद की तहसील अतरौली, इगलास और गभाना के ग्रामीण क्षेत्रों के हैं।
वहीं, शाम को शहर के मानिक चौक व क्वार्सी की रियाज कालोनी से चार मरीज संक्रमित पाए गए हैं। दिन भर में 11 रिपोर्ट आने के बाद जिला प्रशासन में खलबली मच गई है। इन रिपोर्टों के बाद जनपद में अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 116 तक पहुंच गई है।
किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ में 300 नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। बृहस्पतिवार को वहां से जिले के सात लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। सभी सातों प्रवासी ग्रामीण क्षेत्र से हैं और उनका नमूना क्वारंटीन के दौरान लिया गया था। अब इनमें से अधिकतर मरीज घर पहुंच गए हैं। सातों प्रवासी महाराष्ट्र से आए हैं। इनमें से एक 36 वर्षीय युवक छर्रा के दतावली गांव का है। वह महाराष्ट्र के बांद्रा में सिलाई का काम करता था। चंद रोज पहले वहां से आया है और अभी घर में क्वारंटीन है।
इगलास के गोरई का 25 वर्षीय युवक महाराष्ट्र के नासिक से आया है। वहां सोलर स्टेशन में कार्य करता था। संक्रमित लोगों में अतरौली के सहनोल गांव का एक 54 वर्षीय व्यक्ति एवं उसकी 19 वर्षीय पुत्री भी शामिल हैं। अतरौली के बरला निवासी 21 वर्षीय युवक, गभाना के हसनपुर का 23 वर्षीय युवक और अतरौली के बिजौली ब्लाक के मलहपुर का 27 युवक भी संक्रमित हैं।
इधर, जेएन मेडिकल कॉलेज से देर शाम मिली रिपोर्ट में कोतवाली के मानिक चौक की तीन महिलाएं क्रमश: 80, 60 व 45 वर्षीय संक्रमित पाई गई हैं। वहीं, रियाज कालोनी क्वार्सी की 46 वर्षीय महिला संक्रमित पाई गई है। संक्रमित लोगों को लेवल वन हॉस्पिटल में भर्ती किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग संक्रमित लोगों के परिजन एवं संपर्क में आए लोगों का नमूना लेने की तैयारी कर रहा है।
आज जिले में 11 नए संक्रमित घोषित हुए हैं। एक बार फिर जनता से अपील की है कि लोग लॉक डाउन का पालन करें, सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर रहें व अपने घर पर रहें, सुरक्षित रहें। यदि आप या आपका कोई जानकार कोरोना संक्रमित के संपर्क में आया है तो तत्काल उसकी सूचना जिला प्रशासन या कंट्रोल रूम को दें ताकि कोरोना की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
- चंद्रभूषण सिंह डीएम