न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष सलमान इम्तियाज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलीगढ़ के दौरे को अप्रासंगिक बताया है।
सलमान इम्तियाज ने कहा है कि योगी आदित्यनाथ का अलीगढ़ आना और हालात का जायजा लेना कोई मायने नहीं रखता। क्योंकि जब हालात बेकाबू थे तब वह नहीं आए। उनका यह कहना कि उत्तर प्रदेश में अब न करोना है और न ऑक्सीजन की कमी है, यह भी सही नहीं है।
एक दिन में अलीगढ़ में जो 70 लोगों की मृत्यु हुई तब मुख्यमंत्री की संवेदना कहां थी? इसका जिम्मेदार कौन है? क्या प्रदेश सरकार उन मृतकों के परिवार वालों को मुआवजा देगी। योगी आदित्यनाथ के मंत्री और विधायक भेदभाव पूर्ण नीति अपना रहे हैं। क्या मुख्यमंत्री उनके खिलाफ कोई कार्रवाई करेंगे? ऐसे सवालों का मुख्यमंत्री सीधे तौर पर कोई जवाब नहीं देते हैं।