अलीगढ़ : खिरनी गेट जैन मंदिर में अक्षय तृतीया पर गन्ने के जूस का वितरण करतीं महिलाएं। संवाद
- फोटो : CITY OFFICE
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
जिले में मंगलवार को अक्षय तृतीया पर सराफा बाजार में चमक बढ़ गई। पिछले दो साल तक कोरोना संक्रमण के कारण सराफा बाजार मंदा रहा था। कारोबारियों की मानें तो इस बार कारोबार अच्छा रहा है लेकिन तीन साल पहले जैसी स्थिति नहीं रही। शहर से लेकर कस्बे के बाजारों में ग्राहकों ने शुभ मुहूर्त और छूट का फायदा उठाया। शादियों के लिए भी बाजार में खरीदारों की जमकर धूम रही। मंदिरों में व घरों में धार्मिक कार्य हुए। लोगों ने शरबत, खाद्य वस्तुओं का वितरण किया।
जिले में जूलरी की छोटी - बड़ी मिलाकर लगभग एक हजार दुकान हैं। पिछले दो सालों तक कोरोना के चलते कारोबार ठप था। दो साल बाद अब बाजार की स्थिति सामान्य हुई है। गांव से लेकर शहर तक शहनाइयां बज रहीं हैं। तिलक समेत बारात में लोग बढ़ चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं। पूरे जिले में 800 से अधिक घरों में शादियों की गूंज सुनाई दी। अबूझ मुहूर्त के चलते देहात में सहालग का असर ज्यादा रहा।
सराफा कारोबारियों ने ग्राहकों को लुभाने के लिए आकर्षक ऑफर भी दिए थे। सराफा कारोबारी अमित सराफ ने बताया कि अक्षय तृतीया पर जिले में लगभग दो करोड़ से ऊपर का कारोबार हुआ है। वहीं, सहालग होने के कारण बैंडबाजा बारात को लेकर काफी दिक्कतें आईं। ज्यादातर बैंडबाजे वाले बुक थे। जो लोग पहले बुकिंग से रह गए थे उन्होंने साउंड लगाकर ही बारात चढ़ाई। वहीं मैरिज हॉल की नई बुकिंग पर अब ज्यादा पैसे देने होंगे।