बीते दिनों इगलास में 100 एकड़ जमीन डिफेंस कॉरिडोर के विस्तारीकरण के लिए दान देने संबंधी बेसवां राजा कुंवर महेंद्र ध्वज प्रसाद की पेशकश को जिला प्रशासन ने खारिज कर दिया है। दरअसल, जिस भूमि को वह दान देना चाह रहे थे। वह आबादी की भूमि निकली। उस पर अब मकान, दुकान आदि बन चुके हैं। जिला प्रशासन के भौतिक सत्यापन में इस बात का खुलासा हुआ है। प्रशासन ने शासन को इस संबंध में रिपोर्ट भेज दी है।
जिले के खैर रोड स्थित अंडला गांव में करीब 45 हेक्टेयर जमीन पर डिफेंस कॉरिडोर की स्थापना हो रही है। साथ ही डिफेंस कॉरिडोर के विस्तार पर भी चर्चा शुरू हो गई है। इसी को लेकर पिछले माह बेसवां रियासत से राजा कुंवर महेंद्र ध्वज प्रसाद वर्तमान निवासी साउथ एक्सटेंशन, दिल्ली ने प्रधानमंत्री को एक पत्र लिख इगलास में अपनी जमीन बताते हुए उसमें से 100 एकड़ जमीन डिफेंस कॉरिडोर के लिए दान देने की पेशकश की थी।
पीएमओ के निर्देश पर यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी ने इस जमीन की भौतिक स्थिति, स्वामित्व व दान देने के लिए प्रतिबद्धता का परीक्षण करने का निर्देश जिला प्रशासन को दिया था। एडीएम प्रशासन देवी प्रसाद पाल ने भौतिक सत्यापन किया तो उक्त जमीन को आबादी वाला क्षेत्र पाया, जिस पर वर्तमान में दुकान व मकान भी बने हैं। इसकी रिपोर्ट उन्होंने डीएम को दी। डीएम के मुताबिक पेशकश को खारिज करते हुए शासन को पूरे मामले से अवगत करा दिया है।