राजा महेंद्र प्रताप विश्वविद्यालय लोधा का नजारा जहां पर 14 सितंबर को पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम यो?
- फोटो : CITY OFFICE
राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय, लोधा से कुछ दूर ही अंडला में डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर अलीगढ़ नोड में भी शिलान्यास की तैयारियां जोरों पर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी 14 सितंबर को लोधा में राजा महेंद्र प्रताप सिंह विवि और डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे। शिलान्यास समारोह लोधा में होगा, लेकिन निवेशकों और मेहमानों के लिए अंडला में भी तैयारियां हो रही हैं।
बारिश ने जहां दोनों स्थानों पर कामकाज में खलल डाला है, वहीं लगभग एक हजार निराश्रित गोवंश अधिकारियों के लिए बड़ी चिंता बन गए है। कई सांड़ बरसात में आक्रामक हो गए हैं, जिन्होंने बाड़े को तोड़ दिया है। अब वो इधर-उधर बाहर घूम रहे हैं। फसलों की रखवाली कर रहे किसान इन सांडों से जूझने के लिए मजबूर हो रहे हैं।
अब यहां उद्योग लगाने आ रहे निवेशकों के लिए भी ये गोवंश परेशानी का सबब बन सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान लोधा से अंडला तक वाहनों और लोगों की भीड़ में इन सांड़ों के भड़कने से कोई बड़ी घटना हो सकती है। इसका ध्यान रखते हुए यूपीडा के स्थानीय प्रोजेक्ट मैनेजर आरके वर्मा ने गोवंश को गोशालाओं में भेजने के लिए कहा है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. सीवी सिंह ने बताया कि ग्राम्य विकास विभाग, पंचायत राज विभाग, स्थानीय निकाय आदि विभागों की मदद से निराश्रित गोवंश को गोशालाओं में भेजा जाएगा। सांड़ दुनाई गोशाला और गाय चंडौस गोशाला भेजी जाएंगी। ये स्थल पीएम के कार्यक्रम से पहले खाली करा दिया जाएगा। गौर हो कि लोधा से अंडला तक निराश्रित गोवंश की संख्या लगभग एक हजार बताई जा रही है, पशु विभाग ये संख्या लगभग 500 तक बता रहा है।