न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
लोधा क्षेत्र में एलाना मीट फैक्टरी से सटे गांव शाहपुर कुतुब के अरहर के खेत में मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान मीट फैक्टरी कर्मचारी बरेली के यासीन के रूप में हुई है। वह यहां अपने दोस्त संग मजदूरी करने आया था। उसकी हत्या गला रेतकर की गई है।
बरेली से यहां पहुंचे युवक के बहनोई फरीदपुर बरेली निवासी जावेद के अनुसार उसका 40 वर्षीय साला यासीन पुत्र बाबू खां पिछले करीब दस साल से मीट फैक्टरी में काम करता था। यहां नीवरी इलाके में किराये पर रहता था। 28 सितंबर को यासीन ने यहां से घर जाने के लिए छुट्टी ली थी। मगर घर नहीं पहुंचा। इसके बाद से उसके परिवार वाले उसे तलाश रहे थे।
इसी बीच मंगलवार को यासीन का शव पुलिस ने बरामद कर लिया। शव कई दिन पुराना लग रहा था। दुर्गंध के अलावा कीड़े भी पड़े हुए थे। उसकी हत्या गला रेतकर की गई। पहचान व पोस्टमार्टम में हत्या का खुलासा होने के बाद हरकत में आई लोधा पुलिस ने उसके साथ काम करने वाले अनवर नाम के युवक को हिरासत में ले लिया है। एसओ लोधा रामवकील के अनुसार अभी तक मसला अनैतिक संबंधों के विरोध में हत्या का निकलकर आ रहा है। बाकी जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।