थाने पर प्रदर्शन करते बजरंग दल के कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
अलीगढ़ में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने महाकाल मंदिर को आतंकवाद का अड्डा बताने वाले बसपा पार्षद की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने का घेराव किया और हनुमान चालीसा पढ़ी। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। हालांकि मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
अलीगढ़ के थाना क्वार्सी का सैकड़ों बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने घेराव किया और महाकालेश्वर मंदिर को आतंकवादियों का अड्डा बताने वाले एएमयू पूर्व छात्र व बसपा पार्षद की गिरफ्तारी की मांग की। लेकिन इस दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता यह भूल गए कि इन दिनों कोरोना वायरस से लोग कितना परेशान हैं।
शासन की दी हुई गाइडलाइन को तोड़ते हुए सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ाईं। हालांकि पुलिस इस मामले पर भी कार्रवाई की बात कह रही है।
दरअसल बीते दिनों मध्य प्रदेश स्थित महाकाल मंदिर में कानपुर के बिकरू में पुलिसवालों की हत्या करने वाले विकास दुबे की गिरफ्तारी हुई थी। जिसके बाद बसपा पार्षद सद्दाम हुसैन ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा था कि महाकाल मंदिर आतंकवादियों का अड्डा है।