फिल्म गुड न्यूज के दृश्य में अभिनेता अक्षय कुमार के साथ अलीगढ़ की अंशू वार्ष्णेय।
- फोटो : CITY OFFICE
अभिनेता अक्षय कुमार की ताजा फिल्म गुड न्यूज से चर्चा में आईं पूर्व मेयर आशुतोष वार्ष्णेय की बहू व फिल्म अभिनेत्री अंशु वार्ष्णेय शहर की महिलाओं और युवतियों को बॉलीवुड की राह दिखाएंगी। वह अमर उजाला के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स अभियान के साथ जुड़कर युवतियों और महिलाओं का मनोबल बढ़ाएंगी। साथ ही मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में इंट्री करने, एक्टिंग और वहां टिके रहने के भी टिप्स देंगी। अंशु वार्ष्णेय 15 जनवरी को अपनी बेटी आन्या के जन्मदिन पर आ रही हैं। वह करिश्मा कपूर की वेब सीरीज में भी काम कर रही हैं।
शुक्रवार को रिलीज हुई अक्षय कुमार की फिल्म गुड न्यूज में अंशु वार्ष्णेय बिजनेसमैन अभय कुमार (अक्षय कुमार) के कार शोरूम में चीफ एग्जीक्यूटिव बनी हैं। अंशु वार्ष्णेय ने अमर उजाला के अपराजिता अभियान की सराहना की और कहा कि वास्तव में महिलाओं ओर युवतियों का मनोबल बढ़ाने की जरूरत है, क्योंकि जब दो बेटियां होने के बाद भी मैं मुंबई में काम कर सकती हूं तो कोई भी कर सकता है। बस काम करते समय जुनून, अनुशासन व सही रवैया होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वजन कम करना, खुद को निखारना तथा मुंबई की राह कैसे पकड़े जैसे टिप्स अपराजिता कार्यक्रम में महिलाओं और युवतियों को देंगी ताकि अलीगढ़ का टैलेंट बाहर आ सके।
सबको हंसाते रहते हैं अक्षय कुमार
अंशु ने बताया कि अक्षय कुमार सेट पर सभी को हंसाते रहते हैं। लोगों का विश्वास बढ़ाते रहते हैं। उन्हीं से सीखा है कि जहां भी रहो खुश रहो और पूरी ईमानदारी से काम करो।
पति, सास-ससुर का रहा सहयोग
अंशु ने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने में पति अभिषेक वार्ष्णेय, सास-ससुर का सहयोग रहा है। अगर वे नहीं चाहते तो इस मुकाम पर पहुंचना एक ख्वाब ही रहता।