बुधवार को एसएसपी से मिलने गये एक अधिवक्ता को पुलिस द्वारा वापस किये जाने के विरोध में अधिवक्ता बृहस्पतिवार को हड़ताल पर रहे। दि अलीगढ़ बार एसोसिएशन के बैनर तले हुई हड़ताल के दौरान
अधिवक्ताओं ने न्यायिक काम नहीं किया। वक्ताओं ने इस मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में जिला जज से मिलने का ऐलान किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष गणेश कुमार शर्मा ने कहा कि बुधवार को बार के एक सदस्य फरियादी को लेकर एसएसपी से मिलने गये थे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें कप्तान से मिलने नहीं दिया और अभद्र बर्ताव किया।
उन्होंने कहा कि पुलिस का यह कृत्य अधिवक्ताओं को न्याय दिलाने से रोकने वाला है। इसकी जितनी निंदा की जाये कम है। निर्णय लिया गया कि एसएसपी आरोपी पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण लें और अधिवक्ताओं को मिलने से न रोके जाने का आश्वासन दें। घटना की पुनरावृत्ति रोकने को अधिवक्ता जिला जज के समक्ष में यह मामला उठाएंगे। इस मौके पर महासचिव कुलदीप आदित्य गुप्ता समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद थे।