अचल ताल पर रामलीला की तैयारी शुरू
- फोटो : संवाद
गणेश चतुर्वेदी, अर्पण चतुर्वेदी, अथर्व चतुर्वेदी, लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले अर्पण चतुर्वेदी
- फोटो : स्वयं
पूजा-पाठ कराने वाले गणेश बनेंगे राम, महंत मनीष निभाएंगे रावण का किरदार
अचल ताल की प्रसिद्ध रामलीला में इस बार किरदारों के पीछे कलाकारों की अपनी अलग पहचान भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। पूजा-पाठ कराने वाले गणेश चतुर्वेदी प्रभु श्रीराम के स्वरूप में नजर आएंगे तो 11वीं के छात्र अर्पण चतुर्वेदी लक्ष्मण का किरदार निभाएंगे। बिहार के बेगूसराय स्थित आश्रम के संचालक महंत मनीष रावण के रूप में गरजेंगे।
मथुरा की सर्वोदय गणेश रामलीला मंडल के कलाकार रामायण के प्रमुख प्रसंगों का मंचन करेंगे। भरत, शत्रुघ्न, सीता और हनुमान के किरदार निभाने वाले कलाकार भी अपने अभिनय से रामायण के आदर्श, त्याग, धैर्य और भक्ति को मंच पर जीवंत करेंगे। रामलीला में विवेक स्वरूप भरत और छठवीं कक्षा में पढ़ने वाले सबसे छोटे कलाकार अथर्व चतुर्वेदी शत्रुघ्न का किरदार निभाएंगे।
राधिका शर्मा माता सीता के स्वरूप में नजर आएंगी, जबकि अनुज चतुर्वेदी रामभक्त हनुमान की भूमिका में दिखाई देंगे। मंडली के निर्देशक व संचालक राजीव चतुर्वेदी का कहना है कि कलाकारों के माध्यम से रामायण के प्रसंगों में प्रभु श्रीराम की मर्यादा, लक्ष्मण के समर्पण, भरत के त्याग, माता सीता के धैर्य और हनुमान की अटूट भक्ति का भाव प्रस्तुत किया जाएगा। व्यास गाैतम चतुर्वेदी रामलीला के मंचन में धार्मिक आस्था के साथ भगवान श्रीराम के आदर्शों और उनके जीवन मूल्यों को दर्शकों तक पहुंचाएंगे।