नगर निगम ने शनिवार को गूलर रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। विरोध के बीच जेसीबी से 105 अतिक्रमण ढहा दिए गए। साथ ही अतिक्रमण करने वाले 150 से अधिक लोगों को दोबारा ऐसा करने पर मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी गई। पिछले तीन दिन से इलाके में मुनादी चल रही थी। हालांकि, अभियान समाप्त होने के बाद सड़क की पटरी पर फिर से कब्जा कर लिया गया।
तीन सितंबर से 14 सितंबर तक गंदगी भारत छोड़ो अभियान के तहत नगर निगम अतिक्रमण हटाओ अभियान चला रहा है। शनिवार को नगर निगम के 35 अधिकारी 200 सफाई कर्मचारी, 5 जेसीबी, 15 टिपर, 15 ट्रैक्टर लेकर निकले। निगम वर्कशॉप के पास से अभियान शुरू किया गया। यहां पर जेसीबी मशीन से ढाबे, खोखे, बड़े-बड़े स्लैब तोड़ दिए गए। यहां से अभियान फायर ब्रिगेड कॉलोनी और गूलर रोड की ओर बढ़ा। इस क्षेत्र में अस्थाई अतिक्रमण ज्यादा थे। तीन दिनों से हो रही मुनादी के चलते कई लोगों ने अपने खोखे आदि हटा लिए थे। वहीं, जेसीबी में एक रेस्टोरेंट की दीवार को ध्वस्त करा दिया गया। हंस ज्ञान मंदिर के बाहर नाले के ऊपर बनी प्याऊ को ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान कहीं-कहीं पर लोगों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। लेकिन पुलिस की सख्ती के चलते विरोध करने वालों की चल नहीं सकी।
वीडियो कॉल के जरिये रखी नजर
होम आइसोलेशन में चल रहे नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल ने वीडियो कॉल के माध्यम से अभियान पर नजर रखी। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित भी किया। अभियान का नेतृत्व कर रहे सहायक नगर आयुक्त राज बहादुर सिंह को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ये रहे मौजूद
मुख्य अभियंता कुलभूषण वार्ष्णेय, महाप्रबंधक जल सुरेंद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिव कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय, जेडएसओ महेन्द्र सिंह, कर अधीक्षक राजेश जैन, अजीत कुमार राय, अधिशासी अभियंता अतर सिंह, सहायक अभियंता सिब्ते हैदर, अवर अभियंता कपिल कुमार, कमल गुप्ता, स्वच्छता निरीक्षक अनिल आजाद, कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष वर्कशॉप सहायक संजय सक्सेना, मीडिया सहायक अहसान रब, राजस्व निरीक्षक मानवेंद्र सिंह बघेल, अरुण प्रताप सिंह आदि थे।
नाले पर बना पक्का मकान, अभियान रहा मेहरबान
अलीगढ़। एक ओर अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान खोखे और ढकेल हटा दिए गए, वहीं तहसील के पीछे 30 साल पुराना सड़क पर बना मकान और अवैध कब्जा बरकरार रहा। अभियान के दौरान उसको छुआ भी नहीं गया। तहसील के पीछे एक व्यक्ति ने नाले और सड़क की पटरी पर ही अपना पक्का मकान बना रखा है।
गूलर रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, जो सफल रहा। अगर किसी ने दोबारा नालों और सड़कों की पटरियों पर कब्जा करने का प्रयास किया तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। अगली तारीख में जहां भी अभियान प्रस्तावित है। वहां लोगों से अपील है कि वह अपना अवैध कब्जा स्वयं ही हटा लें। नगर निगम कब्जा हटाएगा और इसको हटाने का खर्चा भी अवैध कब्जा करने वाले ही वसूला जाएगा।
- राज बहादुर सिंह, सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम
अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में उतरा व्यापार मंडल, आक्रोश जताया
अलीगढ़ उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महानगर अध्यक्ष भूपेंद्र वार्ष्णेय द्वारा निगम नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण अभियान पर आक्रोश व्यक्त किया है।
भूपेंद्र वार्ष्णेय ने शनिवार को गूलर रोड का दौरा करने के बाद एक सभा का आयोजन किया। इसमें नगर निगम की जनविरोधी नीतियों का विरोध किया गया। भूपेंद्र वार्ष्णेय ने कहा कि कोरोना काल में नगर निगम सफाई व्यवस्था को भूलकर तोड़फोड़ पर उतर आया है। जगह-जगह कूड़े के ढेर संक्रमण को बढ़ावा देते हुए दिखते हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष ज्ञानचंद वार्ष्णेय ने कहा कि अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महामंत्री हाजी सुलेमान, हरी गुप्ता ने कहा कि कि नगर निगम गरीब लोगों को बसाने के बजाय उजाड़ने में लगा हुआ है। सभा में सुरेश चंद पेठे वाले, विशाल भगत, मो. इनाम, अनूप गुप्ता, पुष्कर वार्ष्णेय, अनिल आदि मौजूद रहे।
अतिक्रमण अभियान के विरोध में शहर
भाजपा और शहर विधायक ने नगर निगम के अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान पर रोष जताया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जनता का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गूलर रोड पर चले अतिक्रमण अभियान पर नगर निगम अधिकारियों को जनता का विरोध झेलना पड़ा। सूचना पर पहुंचे महानगर अध्यक्ष डॉ. विवेक सारस्वत और शहर अध्यक्ष संजीव राजा ने मौके पर पहुंचकर नगर निगम अधिकारियों से जानकारी की और उन्हें कहा कि जिन रैंप और लोहे के जालों को नगर निगम अवैध अतिक्रमण बता रहा है वो घरों में जाने के लिए रास्ता है। उससे नाला सफाई पर कोई फर्क नहीं पड़ रहा।
डॉ. विवेक सारस्वत ने कहा कि अगर नगर निगम अवैध अतिक्रमण को छोड़कर किसी को भी परेशान करेगा तो वो सड़क पर जनता के साथ खड़े होकर इसका विरोध करेंगे। किसी भी कीमत पर जनता का नुकसान नही होने देंगे । शहर विधायक संजीव राजा ने निगम अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वो हर हाल में जनता के साथ खडे़ हैं। भाजपाइयों के मुताबिक विधायक की चेतावनी के बाद नगर निगम की टीम को अतिक्रमण अभियान रोक कर वापस लौटना पड़ा। विधायक के साथ महामंत्री वैभव गौतम, पार्षद कुलदीप पांडेय, ललतेश चौधरी, मंडल अध्यक्ष संजय शर्मा, सुभाष बाबू गुप्ता, जितेंद्र जीतू, हरि बाबू गुप्ता, भूपेंद्र वार्ष्णेय, हिमांशु शर्मा आदि उपस्थित रहे।