कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। बुधवार को जिले में 2360 लोगों की हुई जांच में 143 संक्रमित पाए गए हैं, जिसमें 70 युवा है। खास बात है कि जनपद में पिछले छह महीने में नमूनों की जांच की संख्या एक लाख का आंकड़ा पार कर चुकी है। एक लाख 158 लोगों की जांच हो चुकी है, जिसमें से अब तक 4745 लोग संक्रमित पाए गए हैं। 3272 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। बुधवार को 111 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे हैं और 1441 सक्रिय मरीज हैं।
जेएन मेडिकल कॉलेज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय, प्राइवेट लैब एवं एंटीजन जांच की रिपोर्ट में 143 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इसमें 18 से 40 आयु वर्ग के बीच के 70 युवा हैं। महिलाओं की संख्या 58 है। संक्रमितों में सिया खास सिकंदरपुर के 10, जट्टारी के 4, जिरौली हीरा सिंह के 4, अमरौला जवां सिकंदरपुर के 7, जिला जेल के 3, गुरुद्वारा रोड के 2, शंकर विहार के 3, टाइगर लॉक के 2, धनीपुर के 2, सरायमान सिंह के 2, कल्याणपुरम आगरा रोड के 2, आसिफ नगर फैजियान मस्जिद के 2, रोहेरा जवां के 2, मंडाला लोधा के 2, इलायतपुर अतरौली के 2 लोग शामिल हैं। इसके अतिरिक्त थाना बन्नादेवी के रामगंज सराय हकीम के 2, झम्मनलाल कंपाउंड सासनीगेट के 2, सीएमओ कंपाउंड के एक, सराय काजी के 3, रिसाल सिंह नगर आईटीआई रोड के 3 और हरदुआगंज सरोजगर के 3 लोग संक्रमित हैं। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि संक्रमित मरीजों को लक्षण के आधार पर होम आइसोलेट या कोविड.19 अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। परिजनों को क्वारंटीन कर नमूना लिया जाएगा। संपर्क में आए लोगों की भी जांच होगी।
नगर आयुक्त को सरकारी अस्पताल पर भरोसा
कोरोना वायरस से संक्रमित नगर आयुक्त ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय पर भरोसा किया। उन्होंने अस्पताल में बुधवार को अपना एक्सरे और सिटी स्कैन कराया। एसीएम द्वितीय एवं पं दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय के नोडल अधिकारी रंजीत सिंह ने बताया कि नगर आयुक्त संक्रमित हैं और उन्होंने पंडित दीनदयाल अस्पताल की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। इसी के साथ इस बात की चर्चा शुरू हो गई है कि जिले एवं मंडल के कौन-कौन अधिकारी संक्रमित हुए और कहां-कहां उपचार कराया। कई लोग तो बड़े शहरों के बड़े अस्पतालों में जाकर उपचार कराया है। महानगर में इस बात की खूब चर्चा है।