जिले में अनलॉक के बीच कोरोना संक्रमण का हर दिन बढ़ता दायरा अब लोगों की सांसें अटका रहा है। शुक्रवार को फिर 11 नए मरीज जिले में संक्रमित पाए गए हैं। वहीं 12वें मरीज के रूप में जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के पास खैर चेयरमैन के संक्रमित होने की सूचना भी नोएडा के जेपी हॉस्पिटल से पहुंच गई है। शुक्रवार को जो नए मरीज पाए गए हैं, उनमें जेएन मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर, छेरत क्वारंटीन सेंटर के कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर व फार्मासिस्ट आदि शामिल हैं। रिपोर्ट आने के बाद देर रात मरीजों को आइसोलेट कराने से लेकर इलाकों को सील कराने व सैनिटाइजेशन कराने का काम शुरू करा दिया गया था।
जिला प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार जो नए मरीज सामने आए हैं, उनमें 32 वर्षीय डॉक्टर जेएन मेडिकल कॉलेज में तैनात हैं। 39 वर्षीय युवक खैर के मोहल्ला गौतमान के टैंट व्यापारी हैं। मिलन विहार जेल रोड के 42 वर्षीय होटल व्यापारी पार्टनर भी संक्रमित आए हैं। इस इलाके में पहले भी संक्रमित मरीज मिले हैं। छेरत क्वारंटीन सेंटर के 45 वर्षीय कम्यूनिटी हेल्थ आफिसर व 24 वर्षीय फार्मासिस्ट संक्रमित हैं। इसके अलावा इंदिरा नगर जलालपुर की 25 वर्षीय महिला छेरत में क्वारंटीन थी। वह भी संक्रमित आई है। इसके अलावा जयगंज के एक प्रमुख मंदिर में रहने वाले 40 वर्षीय कपड़ा दुकान संचालक भी पॉजिटिव आए हैं।
तीन दिन पहले तबियत बिगड़ने पर मोहल्ले के लोगों की सूचना पर उन्हें छेरत ले जाया गया था, जबकि उनके पिता दीनदयाल अस्पताल में भरती हैं। इनकी रिपोर्ट आने पर मंदिर में आने जाने वाले इलाके के लोग दहशत में हैं। इसके अलावा गुरुद्वारा मसूदाबाद रोड पर पहले से संक्रमित व्यक्ति की 50 वर्षीय पत्नी भी संक्रमित आई हैं। वहीं, सुरेंद्र नगर में 55 वर्षीय महिला, सासनी गेट एडीए के ईडब्ल्यूएस फ्लैटों में 32 वर्षीय युवक व सराय गढ़ी पुष्प विहार में 45 वर्षीय महिला नए कनेक्शन में संक्रमित आए हैं। इन सभी की संपर्क हिस्ट्री पर भी काम किया जा रहा है।
- जो नए मरीज आए हैं, उनको भरती कराने से लेकर उनकी संपर्क हिस्ट्री तैयार कराने आदि का काम तेजी से स्वास्थ्य टीमें कर रही हैं। लोगों से अपील है कि वह अतिरिक्त सावधानी के साथ रहें। - चंद्रभूषण सिंह डीएम
बीमार फौजी को किया गया आइसोलेट, अभी रिपोर्ट का इंतजार
शुक्रवार को कस्बा पिसावा के ब्रज बाजार पैंठ में कोरोना के संदेह पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक फौजी को अतरौली में आइसोलेट करा दिया है। मगर, देर रात तक उसकी रिपोर्ट नहीं आई थी। बताया गया है कि ब्रजबाजार पैंठ रूपनगर डेटा रोड निवासी फौजी अपना इलाज नोयडा के किसी हॉस्पिटल में करा रहा था। फौजी द्वारा एक निजी अस्पताल में अपनी कोरोना जांच कराने के लिए सैंपल भेजा। स्वास्थ्य विभाग ने फौजी अतरौली में भर्ती करा दिया है। परिवार में से पत्नी को छेरत भेजा गया है। पूरे क्षेत्र को सैनिटाइज किया है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम में विनीत कुमार, अरविंद कुमार, एसआई सत्यभान सिंह, लेखपाल अनिल गुप्ता, ग्राम विकास अधिकारी संतोष कुमार, स्वास्थ्य कर्मी संगिनी ऊषा देवी, रामबेटी आशा कार्यकर्ता, सफाईकर्मी धर्मपाल आदि मौजूद रहे। इस मामले में सीएमओ डॉ.बीपी कल्याणी ने बताया कि फौजी को कोरोना के संदेह पर आइसोलेट कराया गया है। अभी उसकी जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
सुखद खबर..70 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव
डीएम चंद्र भूषण सिंह ने बताया है कि 70 लोगों की कोरोना की जांच कराई गई, जिसमें से सभी की जांच रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त हुई है। डीएम ने इस पर खुशी व्यक्त की है और कहा है कि जनपदवासियों के लिए यह राहत भरी खबर है। उन्होंने एक बार फिर जनता से अपील की है कि लोग मास्क का प्रयोग करें, सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर रहें व अपने घर पर रहें, सुरक्षित रहें।
-कोरोना मीटर--
- 274 मरीज अब तक जिले में (इनमें कुछ मरीज अन्य शहरों में संक्रमित घोषित हुए हैं)
- 20 मरीजों की हो चुकी मौत (जयगंज की महिला आगरा में संक्रमित हुई थी, दिल्ली में मौत)
- 146 मरीज स्वस्थ होकर घर गए हैं
- 98 मरीज अभी हैं शेष
-- आज मिले संक्रमित मरीज--
1- 32 वर्षीय चिकित्सक जेएन मेडिकल कॉलेज।
2- 39 वर्षीय व्यक्ति मौहल्ला गौतमान खैर।
3- 42 वर्षीय व्यक्ति मिलन विहार।
4- 55वर्षीय महिला सुरेंद्र नगर।
5- 25 वर्षीय महिला इंदिरा नगर जलालपुर खैर रोड।
6- 40 वर्षीय व्यक्ति मोहल्ला जयगंज।
7- 45 वर्षीय कम्युनिटी हैल्थ ऑफिसर क्वारंटीन सेंटर छेरत।
8- 24 वर्षीय फार्मासिस्ट क्वारंटीन सेंटर छेरत।
9- 32 वर्षीय व्यक्ति ईडब्ल्यूएस फ्लैट एडीए।
10- 45 वर्षीय महिला सराय गढ़ी पुष्पविहार।
11- 50वर्षीय महिला गुरुद्वारा रोड मसूदाबाद।
12-48 वर्षीय खैर चेयरमैन को प्रशासन ने आज पॉजिटिव माना है।