देशी शराब के ठेके से शराब की पेिटयां फेंकती महिलाएं।
- फोटो : Amar Ujala
ओजोन सिटी के पास देशी शराब के ठेके पर पहुंची गुस्साई महिलाओं ने उग्र प्रदर्शन करते हुए हजारों रुपये की शराब की बोतलें फेंक दी और तख्त में आग लगा दी। महिलाएं हर हाल में ठेका बंद कराने पर अड़ गई थीं। घटना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल भीड़ को संभाला। इस मामले में शराब ठेकेदार की ओर से क्वार्सी थाने में तहरीर दी गई है, जिस पर मुकदमा दर्ज कराने की कार्यवाही होना बाकी है।
ओजोन सिटी के पास असदपुर कयाम स्थित देशी शराब का ठेका राधाचरन के नाम से आवंटित है, जिस पर विनोद नाम का सेल्समैन काम करता है। सोमवार शाम पांच बजे के करीब 40-45 महिलाएं और 15 पुरुषों की भीड़ ठेके पर पहुंची और हमेशा के लिए बंद कराने को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। इस बीच कुछ महिलाएं ठेके के अंदर घुस गईं और उन्होंने सेल्समैन को खदेड़ दिया।
सेल्समैन किसी तरह से वहां से जान बचा कर भागा। इस दौरान महिलाओं ने शराब की बोतलें दुकान से बाहर फेंकना शुरू दिया। बोतलें बाहर फेंकने के बाद भी जब महिलाओं का गुस्सा शांत नहीं हुआ तो उन्होंने दुकान के बाहर पड़े तख्त में आग लगा दी।
आग की लपटें उठने से आसपास की दुकानें भी बंद हो गईं। हंगामा बढ़ता देख पुलिस को खबर दी गई। क्वार्सी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह से आग को बुझाया गया। महिलाओं को शांत कराने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
जब पुलिस ने महिलाओं को हिरासत में लेने की सख्ती दिखाई तो महिलाएं पीछे हटीं। इस संबंध में ठेकेदार ने बताया है कि तकरीबन आठ हजार रुपये का नुकसान हुआ है। अभी ठेका सही से चला भी नहीं था कि ये घटना हो गई।