अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के तौर पर विकसित होने जा रहे धनीपुर हवाई अड्डे के विस्तारीकरण के लिए सर्वे एवं सत्यापन का कार्य शनिवार को पूरा हो गया। विस्तारीकरण के लिए खानगढ़ी, अल्हदादपुर एवं निजामतपुर बोरना के किसानों की भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। जिला प्रशासन ने फाइनल रिपोर्ट के बाद प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है।
सिटी मजिस्ट्रेट एवं धनीपुर हवाई अड्डे के प्रभारी प्रदीप वर्मा ने बताया कि धनीपुर हवाई अड्डे से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय उड़ाने संचालित करने के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने 300 एकड़ भूमि की मांग की थी। इसके चलते गांव खानगढ़ी, अल्हदादपुर व निजामतपुर बोरना के 736 किसानों की 137.8102 हेक्टेयर जमीन को अधिगृहीत किया जाएगा। भूमि की कीमत 1.18 अरब रुपये आंकी गई है।
कोल तहसीलदार डॉ. गजेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में टीम जमीन व सर्वे में जुटी हुई थी। उन्होंने बताया कि फाइनल रिपोर्ट के बाद प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने व बजट जारी होने के बाद हवाई अड्डे के विस्तारीकरण के लिए जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।
ये है स्थिति
गांव खानगढ़ी
- कुल रकबा -76.8102 हेक्टेयर
- निजी भूमि -72.4182 हेक्टेयर
- सरकारी भूमि -4.392 हेक्टेयर
- मालियत -72.97 करोड़ रुपये
- प्रभावित किसान- 436
गांव अलहदादपुर
- कुल रकबा -12.043 हेक्टेयर
- निजी भूमि-10.705 हेक्टेयर
- सरकारी भूमि - 1.228 हेक्टेयर
- मालियत - 6215000 रुपये
- प्रभावित किसान-93
गांव निजामतपुर बोरना
- कुल रकबा-48.18 हेक्टेयर
- निजी भूमि-45.935 हेक्टेयर
- सरकारी भूमि - 2.385 हेक्टेयर
- मालियत-43.63 करोड़ रुपये
- प्रभावित किसान -187