कौशल कुमार ओझा
हवा से ऑक्सीजन तैयार करने वाली 25 मशीनें पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय एल-2 एवं पांच हरदुआगंज स्थित एल-1 अस्पताल में पहुंच गई है। इससे कोरोना एवं सांस की बीमारी से पीड़ित मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
केंद्र सरकार द्वारा अलीगढ़ को 30 ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर मशीनों की आपूर्ति की गई है। इसकी खासियत यह है कि मरीज को कहीं भी आपातकालीन स्थिति में ऑक्सीजन दी जा सकती है। सबसे खास बात यह है कि मरीज को ऑक्सीजन देने के लिए भारी भरकम सिलिंडर उठाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह मशीन हवा से ऑक्सीजन लेकर मरीजों को पहुंचाता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीपी सिंह कल्याणी ने बताया कि अलीगढ़ में 30 मशीनें आई है, जिनमें से 25 पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय एवं पांच हरदुआगंज स्थित एल-1 अस्पताल को दी गई है।
उन्होंने बताया कि दीनदयाल अस्पताल से लेकर दो मशीने छेरत के राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज स्थित एल-1 अस्पताल में आपातकालीन स्थिति के लिए भेज दिया गया है। वहां पर पांच और मशीनें भेजने पर विचार किया जा रहा है ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को ऑक्सीजन दी जा सकें।
---