अरुणाचल प्रदेश के तवांग में ड्यूटी के दौरान घायल अग्निवीर विशाल कुमार डागर (19) निवासी गांव खेड़िया बुजुर्ग थाना टप्पल की मौत हो गई। उनका पार्थिव शरीर अरुणाचल प्रदेश से बुधवार की सुबह दिल्ली और फिर गांव पहुंचेगा। गांव में जनता दर्शन के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
विशाल डागर पुत्र जयप्रकाश सिंह 27 अप्रैल 2024 को अग्निवीर के तहत सेना में भर्ती हुए थे। ट्रेनिंग के बाद करीब तीन माह से अरुणाचल प्रदेश में तैनात थे। यह उनकी पहली तैनाती थी। बड़े भाई रवि डागर ने बताया कि 30 मार्च की सुबह सेना से आए फोन कॉल में विशाल के ड्यूटी के दौरान घायल होने और अस्पताल में भर्ती कराए जाने की जानकारी दी गई थी। सोमवार को दिन में करीब तीन बजे दोबारा से आई फोन कॉल में उनकी मौत की बात कही गई।
यह सुनते ही उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। ग्रामीणों का कहना है कि टप्पल कट से गांव तक तिरंगा के साथ पार्थिव शरीर ले जाया जाएगा। वह तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थे। माता, पिता और दादी को अभी विशाल के निधन की खबर नहीं दी गई है।