इगलास विधायक राजकुमार सहयोगी और गोंडा थाने के तत्कालीन एसओ अनुज कुमार सैनी के बीच हुई मारपीट की घटना के बाद मंगलवार को डीएम और एसएसपी ने पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों को अपने आचरण और व्यवहार में सुधार लाने की नसीहत दी। साथ ही जनप्रतिनिधियों का सम्मान करने का भी निर्देश दिया। सभी थानाध्यक्ष, मजिस्ट्रेट, एसडीएम, एडीएम के साथ करीब एक घंटे चली बैठक में सभी को चेताया गया कि वह शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करें। जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए। भूमि विवादों का निस्तारण पुलिस व राजस्व की टीमें मिलकर करें। एसडीएम और तहसीलदार कैंप लगाकर विवादों का निपटारा करें।
बैठक में कहा गया कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों समेत आम जनता के प्रति दलगत, जातिगत एवं संप्रदायवाद की भावना से ऊपर उठकर काम करें। जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों का सम्मान करना पदीय दायित्वों में सम्मिलित है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि समस्या लेकर आने वाले व्यक्ति की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए उसे संतुष्ट किया जाए। प्रत्येक व्यक्ति का आत्मसम्मान एवं स्वाभिमान कायम रहे। इसके लिए किसी भी परिस्थिति में अमर्यादित भाषाशैली एवं आचरण का प्रयोग न करें।
एसएसपी ने विशेष जोर देते हुए स्वीकार किया कि प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस को कई बार विषम परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। पर, ऐसे प्रतिकूल समय में भी धैर्य एवं संयम का परिचय देते हुए ऐसे आचरण का प्रयोग न किया जाए, जिससे सामने वाले व्यक्ति की भावना को ठेस पहुंचे। डीएम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण, अवैध कब्जा, मेड़बंदी, जलनिकासी की शिकायतें ज्यादा होती हैं। पुलिस एवं राजस्व अधिकारी आपसी समन्वय से इनका निस्तारण कराएं।
बैठक में एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी, एडीएम प्रशासन डीपी पाल, एडीएम वित्त विधान जायसवाल, एसडीएम कोल अनिता यादव, एसपी सिटी अभिषेक झा, एसपी ग्रामीण शुभम पटेल, एसपी क्त्रसइम डॉ. अरविंद कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह, एसीएम प्रथम व द्वितीय, सभी एसडीएम, सभी सीओ व थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
विधायक सहयोगी ने कहा कि मानसिकता बदले अधिकारी
इगलास विधान सभा क्षेत्र के विधायक राजकुमार सहयोगी ने सरकारी अधिकारियों से अपनी मानसिकता बदलने की सलाह दी है। उनका कहना है कि जो भी सरकारी कर्मचारी भ्रष्टाचार और लापरवाही में लिप्त पाए जाते हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई होगी। सहयोगी ने कहा कि किसी भी कार्यकर्ता का उत्पीड़न या अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक का कार्यकर्ता उनके लिए मूल्यवान है। उन्होंने कहा कि थाना हो या तहसील, बिजली विभाग हो या ब्लॉक, कार्यकर्ता के मान-सम्मान को ठेस पहुंचेगी तो राजकुमार सहयोगी अपने कार्यकर्ता के साथ कंधा से कंधा मिलाकर खड़ा मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता की सेवा में जुटने का आह्वान किया। कहा कि सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाए और उसका लाभ दिलाएं।