धरने में पहुंचे सपा नेता पूर्व सांसद चौधरी बिजेंद्र सिंह ने कहा कि उनकी डीएम से बात हुई थी। अब वह दिल्ली जा रहे हैं जहां केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर किसानों की बात रखेंगे। साथ ही किसानों के प्रतिनिधि मंडल की भी केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कराने का प्रयास करेंगे।
ग्रीन एक्सप्रेस वे के लिए भूमि अधिग्रहण में बढ़े सर्किल रेट के हिसाब से मुआवजा मांग रहे किसानों को प्रशासन ने दो टूक कह दिया है कि बढ़े सर्किल रेट का लाभ उन्हें नहीं मिलेगा। धरनास्थल पर पहुंचे एडीएम प्रशासन पंकज कुमार ने कहा कि भूमि अधिग्रहण वाले सभी 31 गांवों का अवॉर्ड घोषित हो चुका है। प्रस्तावित सर्किल रेट पर कोई आपत्ति है तो व्यक्तिगत अथवा सामूहिक रूप से छह अप्रैल तक आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। प्रस्तावित सर्किल रेट पर ही किसानों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आपत्ति लेने के लिए वह अगले तीन-चार दिन तक एसडीएम खैर के कार्यालय में मौजूद रहेंगे।
विज्ञापन
उधर किसानों ने भी सामूहिक रूप से हाथ खड़े कर अपनी असहमति जताई। कहा कि हेड से टेल तक एक प्रोजेक्ट, एक मुआवजा मिलना चाहिए। प्रस्तावित सर्किल वृद्धि पर आपत्ति दर्ज करते हुए सामूहिक आपत्ति पत्र एडीएम प्रशासन को सौंपा। कहा कि जब तक सर्किल रेट बढ़ाकर मुआवजा नहीं दिया जाता, वह किसी भी कीमत पर अपनी जमीन नहीं देंगे। यह किसान तीन मार्च से गांव उसरह के पास धरना दे रहे हैं। बृहस्पतिवार को धरने का 32वां दिन था। करीब पांच सैकड़ा किसान मौजूद थे, जिस समय एडीएम प्रशासन सहित एसडीएम खैर महिमा सिंह और रजिस्ट्रार वहां पहुंचे। बृहस्पतिवार को धरने की अध्यक्षता शिवराम शर्मा गांव नगला अस्सू और संचालन डॉ. हरवीर सिंह गांव नगलिया बिजना ने किया।
नितिन गडकरी से करूंगा बात : बिजेंद्र
धरने में पहुंचे सपा नेता पूर्व सांसद चौधरी बिजेंद्र सिंह ने कहा कि बुधवार को उनकी डीएम से बात हुई थी। अब वह दिल्ली जा रहे हैं जहां केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर किसानों की बात रखेंगे। साथ ही किसानों के प्रतिनिधि मंडल की भी केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कराने का प्रयास करेंगे। धरने को डॉ. रमेश अत्री उसरह, चौधरी कुलदीप सिंह उर्फ भोली, शेरपाल सिंह खुर्जा, फतेह सिंह नगला अस्सू, चंद्रभान सिंह बांकनेर, चंद्रवीर सिंह उसरह ने भी संबोधित किया।