ट्रांसपोर्ट नगर को अब नौ करोड़ रुपये की लागत से मिट्टी भर कर समतल किया जाएगा। एडीए बोर्ड बैठक में ट्रांसपोर्ट नगर में भूमि तल नीचा पाए जाने पर मिट्टी भराव की बढ़ोत्तरी के संबंध में रखे गए प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई। अधिशाषी अभियंता आरके सिंह ने बताया कि एडीए ने एक्सलेंट ग्राफर्स से भूमि के तल का सर्वे कराया, जिसकी जांच तीन विभागीय अधिकारियों की समिति ने की थी। जिसमें मिट्टी भराव की मात्रा 1169336.02 घनमीटर आई, जो कि पूर्व में किए आंकलन से 32.46 प्रतिशत अधिक है। टीपी नगर में मिट्टी भराव न होने से अन्य कार्य रुके हैं। करीब नौ करोड़ रुपये मिट्टी भराव पर खर्च होना प्रस्तावित है।
टीकाराम ट्रस्ट का प्रस्ताव अटका
बैठक में टीकाराम ट्रस्ट की जमीन के भू-उपयोग परिवर्तन का प्रस्ताव अटक गया। ट्रस्ट की ओर से एटा चुंगी चौराहे से सटी जमीन को आवासीय में परिवर्तित किए जाने का प्रस्ताव एडीए में दिया गया था। अब एडीए ने ट्रस्ट संचालकों से मूल दस्तावेज मांगे हैं। इसके अलावा अब तक तहसील व अन्य विभागों के स्तर से जारी एनओसी की भी डीएम कार्यालय से पुष्टि कराए जाने के निर्देश मंडलायुक्त ने दिए। एडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि इस संबंध में चिट्स फंड सोसाइटीज आगरा से भी ट्रस्ट का रिकार्ड मांगा गया है। राजस्व अभिलेखों में बेशक यह जमीन ट्रस्ट के नाम है, लेकिन ट्रस्ट के पास यह जमीन कब से है, इसका स्वामित्व ट्रस्ट में किसके पास है। इन सभी आपत्तियों के निस्तारण के बाद ही प्रस्ताव पर आगामी बोर्ड बैठक में विचार किया जाएगा।
बढ़ा मानचित्र पास कराने का शुल्क
सचिव दीपाली भार्गव ने बोर्ड बैठक में बताया कि दुकान, मकान व अन्य किसी भी निर्माण का नक्शा एडीए से पास कराना पहले की तुलना में महंगा होगा। अन्य प्राधिकरणों में भी केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी इंडेक्स के आधार पर बढ़ोत्तरी की जा चुकी है।
बैठक में अवैध कॉलोनियों के आवासों के नक्शे को पास कराने का प्रस्ताव रखा गया। पूर्व में अवैध कॉलोनी में शासन के अनुमोदन के बाद एकल आवासीय नक्शे मंजूर होते थे। शहर की एक अवैध कॉलोनी में केवल मुख्य मार्ग पर ही एकल आवास का नक्शा मंजूर करने का प्रस्ताव लाया गया, लेकिन अटक गया। मंडलायुक्त ने शासन से अनुमोदन होने के बाद ही प्रस्ताव पर चर्चा करने को कहा। काफी चर्चा के बाद यह प्रस्ताव पास नहीं हो सका। अलीगढ़ में 57 अवैध कॉलोनियां हैं।
खाली भूखंड की ये होंगी प्रस्तावित दरें
स्थान दरें
अवंतिका प्रथम, द्वितीय, रामघाट रोड 34 हजार रुपये
विकास नगर आवासीय योजना, आगरा रोड 32 हजार रुपये
शांति निकेतन आवासीय योजना, खैर बाईपास 9 हजार रुपये
स्वर्ण जयंती नगर, रामघाट रोड 30 हजार रुपये
स्वर्ण जयंती नगर विस्तार आवासीय योजना 30 हजार रुपये
बृज विहार आवासीय योजना 11 हजार रुपये
बरौला जाफराबाद आवासीय योजना 13,500 हजार रुपये
एलमपुर आवासीय योजना 10 हजार रुपये
नोट : ई-नीलामी के लिए प्रस्तावित की गईं प्रतिवर्ग मीटर की दरें।
नक्शों का नया शुल्क
शुल्क मौजूदा नया
बाहरी 974 1023
आंतरिक 1152 1211
निरीक्षण 23.50 24.69
मलबा 47 49.39
नगरीय विकास 193 202
नोट : नक्शा शुल्क प्रति वर्गमीटर की दर से।