पशुओं को कट्टी के लिए लाने वाले ट्रकों से वसूली की शिकायत पर एसएसपी आकाश कुलहरि ने सख्त कार्रवाई करते हुए आसना चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया है, जबकि चौकी के अन्य सभी कर्मचारियों को लाइन हाजिर कर दिया है। वीडियो में एक सिपाही ट्रक वालों से वसूली करता दिख रहा है। जिसे लेकर चौकी इंचार्ज की लापरवाही मानते हुए यह कार्रवाई की गई है।
वाकया दो दिन पुराना बताते हुए कुछ लोगों ने मंगलवार देर शाम एसएसपी से शिकायत की थी। वीडियो भी उन्हें दिखाया था। शिकायत करने वालों ने बताया था कि मडराक क्षेत्र की मथुरा रोड स्थित आसना चौकी पर जिन ट्रकों से रुपये नहीं मिलते, उन्हें पशु क्रूरता जैसे मुकदमों में बंद कर दिया जाता है, जिनसे मिल जाते हैं, उन्हें जाने दिया जाता है।
हालांकि सब कुछ सिपाही करते हैं। मगर चौकी इंचार्ज इस पर आंखें मूंदे रहते हैं। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल चौकी प्रभारी रजत कुमार शर्मा को निलंबित कर दिया, जबकि चौकी पर तैनात दूसरे एसआई राजेश कुमार के अलावा मुख्य आरक्षी सुनील कुमार भदौरिया, मुख्य आरक्षी सुरेंद्र सिंह, आरक्षी बृजेश मावी, आरक्षी दीपक कुमार, आरक्षी कृष्ण कुमार गौतम, आरक्षी रवि राजपूत, आरक्षी अवधेश कुमार व आरक्षी चालक अनिल बाबू को लाइन हाजिर कर दिया है।
इस कार्रवाई की पुष्टि पुलिस प्रवक्ता ने की है। इधर, अभी चौकी पर नई तैनाती नहीं की गई है। उम्मीद है कि देर रात तक यहां नई तैनाती कर दी जाएगी। इधर, बता दें कि सोमवार रात में ही चौकी पुलिस ने कुछ पशु ट्रकों में पकड़े थे। अंदरखाने चर्चा है कि यह उसी का रिएक्शन है।