अलीगढ़ स्पोर्ट्स एसोसिएशन के मैदान पर खेले जा रहे विनय बंसल अंडर-16 नाक आउट क्रिकेट टूर्नामेंट में एटा व एसीएस की टीम अपने-अपने मैच जीत लिए। इसके साथ ही दोनों टीमें अगले राउंड में पहुंच गईं। एटा की टीम ने एमके अलीगेरियन को 104 और एसीएस ने अलीगढ़ स्पोर्ट्स हब को सुपर ओवर में 14 रनों से हराया।
निर्धारित 40 ओवर के मैच में एटा की टीम 37 ओवर में 245 रन पर सिमट गई। सचिन ने 76 रन व राहुल ने 45 रन बनाए। एमके अलीगेरियन के मयंक व आर्यन ने चार-चार विकेट झटके। जवाब में उतरी एमके अलीगेरियन की टीम 23 ओवर में 141 रन पर सिमट गई। वह 104 रन से मैच हार गई। हिमेश कृष्णा ने 49 रन बनाए।
अलीगढ़ स्पोर्ट्स हब ने निर्धारित 40 ओवर के मैच में 155 रन बनाए। तनिष्क मित्तल ने 73 रन की पारी खेली। एसीएस के आयुष्मान यादव ने चार विकेट, अश्विनी व हिमांशु ने दो-दो विकेट झटके। जवाब में उतरी एसीएस की टीम भी निर्धारित 40 ओवर में 155 रन ही बना सकी। आयुष्मान यादव व मोहित ने 36-36 रन बनाए। दोनों टीम का स्कोर बराबरी पर रहा। सुपर ओवर में एसीएस 18 रन बनाए। जवाब में अलीगढ़ स्पोर्ट्स हब चार रन ही बना सकी। एसीएस ने मैच जीत लिया। इससे पूर्व टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि अलीगढ़ जोन यूपीपीसीएल के इंजी. एसके अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि यूपीपीसीएल आगरा के एसई अमित वार्ष्णेय ने किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के सचिव अब्दुल वहाब, टूर्नामेंट सचिव अर्जुन सिंह फकीरा, ग्रुप कैप्टन शहाब अली, पूर्व रणजी खिलाड़ी फसाहत अली, सैफ अनवर, मोहम्मद शारिक, मसूद अमीनी, सतीश यादव आदि मौजूद रहे।