तेजाब हमले की शिकार राजेश्वरी देवी।
- फोटो : फाइल फोटो
जनपद के खैर थाना क्षेत्र के गांव चमन नगलिया में शराब पीकर हंगामा काट रहे एक युवक को टोकना उसकी भाभी को भारी पड़ गया। युवक ने गुस्से में भाभी पर ही तेजाब से हमला कर दिया। हमले में महिला का सिर के आगे का हिस्सा और हाथ झुलस गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, आरोपी देवर की तलाश जारी है।
वाकया गुरुवार शाम छह बजे करीब का है। राजेश्वरी देवी पत्नी मुकेश अपने घर के बाहर बेटे के साथ बैठी थी। तभी देवर राकेश शराब पीकर आया और गालीगलौज करने लगा। राजेश्वरी देवी ने देवर को वहां से फटकार लगाकर भगा दिया। इससे गुस्साया थोड़ी देर बाद एक बोतल में तेजाब भरकर लाया और राजेश्वरी पर हमला कर दिया।
इससे उसके सिर और हाथ का हिस्सा झुलस गया। चीखपुकार सुन आए गांव वालों ने पुलिस बुला ली। पुलिस ने महिला को सीएचसी भिजवाया। यहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इधर, आरोप देवर फरार हो गया।
महिला ने बताया कि उसका पति टैक्सी चालक है। घटना की जानकारी पति और मायके वालों को दे दी है। साथ ही आरोपी के खिलाफ थाना से शिकायत की है। एसएसआई यतिंद्र प्रताप सिंह के अनुसार महिला ने मौखिक तौर पर शिकायत की है। तहरीर मिलते ही मामला दर्ज किया जाएगा। फिलहाल आरोपी राकेश गांव से फरार है।