प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पांच फरवरी की चुनावी जनसभा की तैयारी चल रही है। पीएम नुमाइश मैदान में इस सभा को दोपहर दो बजे से संबोधित करेंगे और अलीगढ़ की सात विधानसभाओं के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांगेंगे।
इसके लिए प्रधानमंत्री कार्यालय से भी तैयारी हो रही है। पीएमओ ने अलीगढ़ की प्रमुख समस्याओं और उनके समाधान का ब्योरा सांसद सतीश गौतम से मांगा है। सांसद कार्यालय से इसकी विस्तृत रिपोर्ट गुरुवार शाम ई-मेल से भेजी गई है।
जिसमें अलीगढ़ की आठ प्रमुख समस्याएं और उनके समाधान के सुझाव शामिल हैं। पीएम मोदी अपने संबोधन में इन समस्याओं के साथ उनके समाधान का वादा करेंगे। गौर हो कि पहली बार प्रधानमंत्री की सभा से पहले स्थानीय मुद्दों पर इतना फोकस किया गया है। अलीगढ़ के साथ ही दूसरे शहरों में भी वहां की दुखती रग को दबाने की रणनीति बना रहा है पीएमओ ताकि चुनाव में सीधे जनता के दिल तक दस्तक दी जा सके।
आठ प्रमुख समस्याएं और उनके समाधान
1-जाम.. शहर के चारों ओर रिंग रोड पूरा हो, दिल्ली-कानपुर का हिस्सा पूरा। भांकरी-अनूपशहर रोड-हरदुआगंज-पनैठी की ओर निर्माण बाकी।
2-विवि की स्थापना.. अलीगढ़ में राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय की स्थापना हो, 40 हजार विद्यार्थियों को आगरा विवि के झंझटों से मुक्ति मिले।
3-चिकित्सा.. पं दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय को एम्स का दर्जा देकर सुविधाओं से लैस किया जाए तो लोगों की दिल्ली की दौड़ खत्म हो।
4-एनसीआर में शामिल.. अलीगढ़ को एनसीआर में शामिल कर सुनियोजित विकास हो। सीवरेज, ड्रेनेज और छोटी सड़कें बेहतर हों।
5-कारोबार.. ताला और हार्डवेयर कारोबार को प्रोत्साहन देने के लिए एक वृहद व्यापक योजना बने, जिससे इस उद्योग को नई ऊर्जा दी जा सके।
6-मिनी एयरपोर्ट.. धनीपुर हवाई पट्टी को मिनी एयरपोर्ट में बदल कर आसपास के शहरों की फ्लाइट दी जाए। दिल्ली-लखनऊ की सेवाएं मिलें।
7-शुगर मिल..जिले में एक शुगर मिल की स्थापना हो जो गन्ना किसानों को नकद भुगतान दे। गन्ने की खेती का रकबा और चीनी उत्पादन बढ़े।
8-पर्यावरण.. मीट एक्सपोर्ट यूनिटें और इस कारोबार को सुनियोजित कर गंदगी और बदबू से राहत दी जाए। जिससे पर्यावरण बेहतर रह सके।