टप्पल कांड में आरोपियों को रिमांड पर लेने के लिए पुलिस ने किया है आवेदन, सुनवाई आज
टप्पल की ढाई साल की मासूम की हत्या के मामले में जेल गए मुख्य आरोपी जाहिद व असलम की आज सोमवार को कोर्ट में पेशी होगी। दोनों को रिमांड पर लेने के लिए पुलिस ने आवेदन किया है। इसी आवेदन पर अदालत ने दोनों को जेल से तलब किया है। यहां उनकी रिमांड पर बहस के बाद फैसला होगा कि उन्हें रिमांड पर दिया जाए या नहीं और अगर दिया जाएगा तो वह कितने समय के लिए रिमांड पर जाएंगे। एसएसपी आकाश कुलहरि ने बताया कि इन दोनों से करीब 25 सवालों पर पूछताछ होनी है। इसलिए इन्हें रिमांड पर लेने की कवायद की जा रही है। वहीं उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी फॉरेंसिक एक्सपर्ट से अध्ययन के लिए चंडीगढ़ व लखनऊ भेज दी गई है। बाकी कार्रवाई रिपोर्ट मिलने पर की जाएगी।
बच्ची के पिता आज फिर आएंगे कोर्ट में बयान के लिए
ढाई साल की मासूम बच्ची के पिता व बाबा ने शपथ पत्र पर अपने बयान पुलिस को दे दिए हैं। मगर अभी विधिक राय लेकर यह तय होना बाकी है कि उनके अदालत में बयान दर्ज कराए जाएं या नहीं। दोनों सोमवार को यहां पहुंचेंगे। उनके यहां आने पर आगे की प्रक्रिया तय होगी। बता दें कि पुलिस इस मामले में आरोपियों को सख्त सजा के प्रयास में हर कानूनी पहलू पहले से पूरा कर लेना चाह रही है। ताकि अभियोजन पक्ष पैरवी के दौरान किसी स्तर पर कमजोर न हो।