थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर गांव पनैठी से सोमवार की शाम एक महिला से लूटपाट कर भाग रहे बाइक सवार बदमाश को ग्रामीणों ने दबोच लिया। उसकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। रात मे थाने में आरोपी की तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने उसे उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां मंगलवार की सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
सोमवार शाम जीटी रोड स्थित पुलिस चौकी के निकट गांव पनैठी निवासी महिला रेनू पत्नी करनपाल किसी काम से बाजार आईं थी। जीटी रोड पर बाइक सवार दो बदमाश महिला के गले से सोने की चेन व हाथ से मोबाइल फोन लूटकर अकराबाद की ओर भागने लगे। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने बदमाशों का पीछा कर गांव कलियानपुर के पास से एक बदमाश को दबोच लिया। दूसरा साथी मौका पाकर महिला से लूटे गए सामान को लेकर फरार हो गया। लोगों ने पकड़े गए बदमाश की जमकर पिटाई कर, उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी रवि (24) निवासी नगला बंजारा मीरपुर व अशोक निवासी नगला बंजारा महमूदपुर थाना हरदुआगंज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपी को हवालात में बंद कर दिया। रात में उसकी तबियत खराब हो गई। पुलिस ने उसे जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान आरोपी रवि की मौत हो गई। थाना पुलिस ने बताया है कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।