पांच महीने पहले मार पीट कर हत्या कर दिए जाने के मामले में विवेचना के दौरान दो आरोपियों का नाम मुकदमे से निकाले जाने के संबंध में पीड़ित ने आईजी से प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की है।
हरदुआगंज के गांव इरावली के रहने वाले नीतेश कुमार ने आईजी को दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा है कि 11 मार्च 2020 को उसके पिता रविंद्र पाल सिंह परिवार के ही बंटी व सुमित के साथ घर पर मौजूद थे। गांव के ही हमलावरों ने अचानक हमला बोल दिया। चारों तरफ से घेर कर लाठी-डंडों से मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया। बेहद गंभीर हालत में उसके पिता रविंद्र पाल सिंह, सुमित और बंटी को रामघाट रोड स्थित नर्सिंग होम में ले जाया गया। यहां पर 10 मार्च 2020 को उसके पिता रविंद्र पाल सिंह ने दम तोड़ दिया। बंटी और सुमित के भी शरीर में 30- 35 स्थानों पर टांके आए और हड्डियां टूटी पाई गई ।
इस मामले में गांव के ही चार लोगों के खिलाफ हत्या, घर में घुसकर मारपीट आदि का मुकदमा दर्ज कराया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी मोनू उर्फ मुनेंद्र कुमार और हेमेंद्र कुमार के नाम मुकदमे से बाहर कर दिए। इस संबंध में पीड़ित ने आईजी को प्रार्थना पत्र देकर कहा है कि विवेचना की जांच करा ली जाए और जो नाम निकाले गए हैं उनके संबंध में भी एक बार पुलिस के स्तर से जांच करा ली जाए। क्योंकि वही लोग अपराध में शामिल थे।