एएमयू के पूर्व डीन प्रो. शब्बीर अहमद की पत्नी डॉ. नूर अफरोज की मौत के ढाई महीने बाद कब्र खोदवाकर पोस्टमार्टम कराने के मामले में छह लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। डॉ.नूर अफरोज के दामाद ने क्वार्सी थाना में कोलंबिया स्कूल की बेशकीमती संपत्ति हड़पने की साजिश और पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए शुजात आलम, सईद, इश्तियाक, इरशाद हुसैन और दो अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पटवारी नगला स्थित कोलंबिया स्कूल निवासी हम्माद असलम ने दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा है कि उनकी सास डॉ. नूर अफरोज लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं। 18 अगस्त 2026 को बीमारी से उनका इंतकाल हो गया था। इसके बाद परिजनों की सहमति से इस्लामी रीति-रिवाज के अनुसार एएमयू कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया था।
आरोप है कि प्रतापगढ़ व अन्य स्थानों के रहने वाले मृतका के भाई मोहम्मद सईद, भांजे शुजात उल्लाह, इरशाद हुसैन व अन्य लोगों की नजर स्कूल की जमीन और संपत्ति पर है। आरोपियों ने डॉ. नूर अफरोज की संपत्ति अपने नाम करने का दबाव बनाया। मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने साजिश के तहत मृतका को धीमा जहर देकर हत्या करने का झूठा आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से शिकायत की।
सीओ स्तर की जांच के बाद 27 अक्तूबर को जिलाधिकारी के आदेश पर 29 अक्तूबर को पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में एएमयू कब्रिस्तान से शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया गया। डॉक्टरों ने डीएनए जांच के लिए नमूना सुरक्षित रखते हुए पोस्टमार्टम किया था। इसमें मौत का कारण सामान्य आया।
आरोप है कि 14 अक्तूबर को आरोपियों ने कलक्ट्रेट के गेट पर उनके पिता को रोककर जान से मारने की धमकी दी और स्कूल की संपत्ति व पांच करोड़ रुपये की मांग की थी। उनका कहना था कि वह रुपये और संपत्ति देने पर शिकायत वापस ले लेंगे सीओ तृतीय सर्वम सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। साक्ष्याें के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।