टप्पल के गांव घरबरा में घर में घुसकर युवक पर रिवाल्वर से फायरिंग करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घरबरा निवासी दीपक शर्मा ने पुलिस को बताया कि 11 सितंबर की रात वह घर में सो रहा था। देर रात गांव का विकास उसके घर में घुस आया। आरोप है कि रंजिशन विकास ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और दीपक पर रिवाल्वर तानकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसपर गोली चला दी। दीपक ने किसी तरह बचकर अपनी जान बचाई। आवाज सुनकर घर में सो रही दीपक की बहन गीता मौके पर पहुंची। आरोप है कि उसे देखकर विकास जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। मामले में गांव के सौरव और विक्रांत उर्फ छोटू को भी साजिश में शामिल बताते हुए तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज किया गया है। दोनों पक्षों का आपराधिक प्रवृत्ति का होना बताया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।