रविवार की सुबह करीब दस बजे रामघाट-कल्याण मार्ग पर गांव पिलखुनी के समीप अज्ञात वाहन बाइक में टक्कर मारकर निकल गया। हादसे में मासूम की मौत हो गई, जबकि भतीजी सहित दंपती घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर दंपती को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
गोधा थाना क्षेत्र के गांव खुशहालगढ़ी निवासी चंद्रपाल सिंह (35) की अतरौली कोतवाली के गांव गनेशपुर गोविंदपुर में ससुराल है। रविवार को वह अपनी ससुराल से पत्नी वर्षा (28), भतीजी ज्योति (14) और बेटी आराध्या (4) को बाइक पर बिठाकर अपने घर लौट रहे थे। आराध्या को वर्षा ने अपनी गोद में बिठाकर पकड़ रखा था।
सुबह करीब दस बजे वह गांव पिलखुनी के समीप पहुंचे तभी अज्ञात वाहन उनकी बाइक में टक्कर मारकर निकल गया। इससे सभी घायल हो गए। राहगीरों ने सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया जहां आराध्या काे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। चंद्रपाल सिंह और वर्षा की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जेएन मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया।
अतरौली कोतवाल सत्यवीर सिंह ने बताया कि मृत बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बाइक में टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।