सोमना -खैर मार्ग पर मंगलवार शाम घौरोठ पुल के पास इको कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने कार सवार को पकड़कर जमकर धुनाई कर दी। कुछ लोगों ने उसे छुड़वा दिया। इसे लेकर ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। उन्होंने जाम लगाकर कार चालक व उसे छुड़ाने वालों पर कार्रवाई की मांग की।
क्षेत्र के गांव चांदनेर निवासी रनवीर सिंह का 20 वर्षीय बेटा प्रदीप कुमार किसी काम से बाइक पर सवार होकर कस्बा वीरपुरा गया था। शाम करीब छह बजे वापस घर जा रहा था। सोमना-खैर रोड पर घौरोठ पुल के पास खैर की ओर से आ रही इको कार ने टक्कर मार दी। हादसे में प्रदीप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
उधर, कार चालक को ग्रामीणों पकड़कर धुन दिया। इसी बीच कुछ लोगों ने चालक को छुड़वा दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने कार चालक व बचाने वाले पर कार्रवाई की मांग को लेकर जाम लगा दिया। जाम की खबर पर पहुंची इलाका पुलिस, चंडौस पुलिस व जिला पंचायत सदस्य बंटी सिंह ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया। सीओ गभाना कर्मवीर सिंह भी पहुंच गए। प्रदीप की करीब तीन माह पूर्व ही शादी हुई थी। हादसे की खबर पर पत्नी व परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ गभाना कर्मवीर सिंह ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है।