मडराक क्षेत्र में आगरा रोड हाईवे पर गांव पड़ियावली के पास रविवार रात पीतलनगरी डिपो की रोडवेज बस आम से लदी मैक्स में जा घुसी। बस में सवार कई यात्री जख्मी हो गए। वहीं मैक्स एक कार पर जाकर पलट गई, जिससे कार सवार बाल-बाल बच गए। सड़क पर आम बिखर गए। खबर पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा।
रात करीब पौन बजे मुरादाबाद के पीतलनगरी डिपो की बस आगरा जा रही थी। जैसे वह अलीगढ़ से बाहर पड़ियावली पर पहुंची, तभी अचानक चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और आगे चल रही आम से लदी मैक्स में बस जा घुसी। इससे ड्राइवर साइड बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पीछे से टक्कर लगने पर मैक्स एक कार पर जा गिरी और आम सड़क पर फैल गए। हालांकि कार सवार बाल-बाल बच गए। इस दुर्घटना में बस में सोये हुए यात्रियों में चीख पुकार मच गई। इस खबर पर इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई।
इस दुर्घटना में रामपुर निवासी बस चालक रामवीर के अलावा यात्री हिना निवासी जटपुरा बिजनौर, मुबारकपुर बिजनौर की बुसरा, सासनी हाथरस के मुबीन, आगरा हलवाई बगीची की मोहिनी व विकास नगर गांधीपार्क की रंजना जख्मी हो गए, जिन्हें पुलिस ने जिला अस्पताल भेजा। इंस्पेक्टर मडराक के अनुसार बस को रास्ते से हटवाया और सड़क पर बिखरे आम साफ कराकर यातायात सुचारु कराया गया।