थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर स्थित बड़े बिजली घर के पास मंगलवार रात मैनपुरी से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी रोडवेज बस की कैंटर से टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार 22 यात्री घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से तीन घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
मंगलवार रात मैनपुरी डिपो की रोडवेज बस मैनपुरी से सवारी बैठाकर दिल्ली जा रही थी। रात करीब 12 बजे जीटी रोड पर गांव कीरतपुर के निकट बड़े बिजली घर के पास बस चालक की लापरवाही से सामने चल रही कैंटर से टकरा गई। बस कैंटर को पांच सौ मीटर तक घसीटते हुए चली गई। हादसे के बाद घायलों में चीख पुकार मच गई। रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे कुछ देर तक जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से घायल अशोक कुमार, सीमा देवी के साथ एक अन्य को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया।
हादसे में ये हुए घायल
अशोक कुमार सिंह के साथ उनका बेटा शिव, शिवम व भतीजा शिव्या निवासी जगरऊ मैनपुरी, सीमा देवी पत्नी सोनू व बेटा विकास, भतीजी कुमकुम, सुशीला देवी पत्नी सुरेंद्र सिंह, अशोका देवी पत्नी धीरेंद्र, सीमा देवी पत्नी प्रेमचंद, सत्यम पुत्र प्रेमचंद, निवासी कुसमरा मैनपुरी, मीरा देवी पत्नी रमाकांत शर्मा, सपना पुत्री रविकांत शर्मा निवासी मानपुरा मैनपुरी, दिनेशा देवी पत्नी चंद्रपाल अंजलि पुत्री चंद्रपाल निवासी नगला अहर मैनपुरी, हेमांजलि गुप्ता पत्नी अमित कौशल, वंश पुत्र अमित कौशल, संगीता गुप्ता पत्नी कृष्ण कुमार, जया गुप्ता पत्नी अंकित गुप्ता, निवासी रामनगर मैनपुरी, सौरभ व मोहित पुत्र विजेंद्र सिंह निवासी जरारा, पिंटू पुत्र राम अवतार निवासी बेवर मैनपुरी।