आधार कार्ड में नाम, जन्मतिथि सहित अन्य विवरण की त्रुटियों के लिए परेशान लोगों को डाकघर प्रशासन ने राहत दी है। अब शहर के मुख्य डाकघर स्थित आधार सेवा केंद्र रविवार को भी खुलेंगे, जिससे रविवार के अवकाश पर भी आधार कार्ड संबंधी लोगों की समस्याएं दूर हो सकेंगी।
मुख्य डाक अधीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि बड़ी संख्या में लोग आधार कार्ड में नाम, जन्मतिथि, पता सहित अन्य जानकारियों में संशोधन कराने डाकघर पहुंचते हैं। कई बार कार्य दिवस में अधिक भीड़ होने के कारण लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए रविवार को भी आधार सेवा काउंटर खोलने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि आधार केंद्र पर नाम, जन्मतिथि, पता, मोबाइल नंबर अपडेट कराने सहित अन्य आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इससे नौकरी, छात्रवृत्ति, बैंकिंग सेवाओं, सरकारी योजनाओं और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आधार में संशोधन कराने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की आधार से संबंधित कार्य के लिए आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं, ताकि उनका काम आसानी और शीघ्रता से हो सके।