मारपीट के बाद घटना स्थल पर जानकारी करते एएसपी मयंक पाठक
- फोटो : संवाद
अलीगढ़ में सासनी गेट के मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील जयगंज खाईडोरा में 6 जुलाई को फिर दुकान के सामने कार खड़ी करने पर विवाद हो गया। दूसरे समुदाय के युवक ने दुकान के कर्मचारी पर रॉड से हमला कर दिया। इस घटना के बाद बाजार बंद कर दिया गया। सूचना पर भाजपाइयों ने थाने पहुंचकर हंगामा किया। दोपहर में आरोपी को दबोच लिया गया। तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
खाईडोरा जयगंज स्थित एमके आर्ट स्टूडियो में गांधीपार्क के बौनेर का मनवीर नौकरी करता है। रविवार सुबह साढ़े 10 बजे वह दुकान खोलने पहुंचा तो दुकान के बाहर मोहल्ले के ही छोटे उर्फ रिजवान की कार खड़ी थी। जब रिजवान से कार हटाने को कहा तो कार तो हटा ली। आरोप है कि रिजवान ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट करते हुए लोहे की रॉड से सिर पर हमला कर दिया। इसमें मनवीर को गंभीर चोट आ गई। बाद में शोरशराबे पर लोगों को आता देख रिजवान ये कहते हुए भाग गया कि अब अगर दुकान पर दिखा तो जान से मार देगा। वह अपनी गाड़ी यहीं खड़ी करेगा।
इस घटना पर आसपास के तमाम व्यापारी एकत्रित हो गए। बाजार बंद करते हुए मनवीर को लेकर थाने पहुंच गए। खबर पर भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, संजय गोयल, सुबोध स्वीटी, विनय वार्ष्णेय आदि पहुंच गए। मनवीर ने आरोप लगाया कि आरोपी रिजवान पहले से खुन्नस मानता है। वह दुकान स्वामी व उससे आए दिन रुपये उधार मांगता रहता है। रुपये न देने के गुस्से में इस घटना को अंजाम दिया है। भाजपाइयों ने यह कहते हुए हंगामा किया कि यह इस इलाके में लगातार दूसरी घटना है। दूसरे समुदाय के लोग लगातार दुकानदारों को निशाना बना रहे हैं। हंगामे की खबर पर एसपी सिटी व सीओ थाने पहुंच गए। सीओ प्रथम मयंक पाठक के अनुसार मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोपहर में आरोपी रिजवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी सीसीटीवी देखे जा रहे हैं।
पीतल व्यापारी पर हमले में भी एक दबोचा
रविवार सुबह हुई घटना के बाद थाने पर हंगामे के बीच मंगलवार को इसी इलाके में पीतल व्यापारी प्रमोद कुमार पर हुए हमले में भी कार्रवाई न होने का शोर मचा। पुलिस ने दोपहर में रिजवान के साथ-साथ प्रमोद पर हमले में शामिल रहे बिलाल को भी दबोच लिया। उससे भी इसी तरह टेंपो हटाने को लेकर विवाद हुआ था। दोपहर में रिजवान व बिलाल के पकड़े जाने की खबर पर के बाद लोगों ने दुकानें खोलीं।