कोतवाली के गांव बढ़ौली में रविवार देर रात चचेरी बहन की शादी में एक युवक की कार के नीचे आने से मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज नहीं करने का आरोप लगाते हुए लोग शव लेकर थाने पहुंच गए। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया।
गांव बढ़ौली निवासी नरेंद्र कुमार (28) वर्ष मजदूरी करता था। उसके परिवार के ही चाचा ऐदल सिंह की बेटी जयमाला की बरात समसपुर, जिला बुलंदशहर से आई थी। बरातियों को विदा करने के बाद परिवार के लोग डीजे पर डांस करने लगे। इसके बाद देर रात करीब एक बजे नरेंद्र डीजे के पास ही जमीन पर गद्दा डालकर सो गया। इसी दौरान गांव का ही एक युवक अपनी कार को वहां से लेकर जा रहा था। कार का पहिया नरेंद्र के सिर के ऊपर से उतर गया। इससे उसके सिर से खून बहने लगा। आनन-फानन उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। नरेंद्र की मां लक्ष्मी देवी ने आरोप लगाया है कि कार चालक का तीन दिन पहले ही नरेंद्र से विवाद हो गया था। उसने जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो शव को परिजन थाने लेकर पहुंच गए। एसओ अंकित सिंह का कहना है कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। नरेंद्र तीन भाईयों में सबसे बड़ा था।