इसकी सूचना पर पहुंची हरदुआगंज पुलिस ने जांच की तो पाया कि दोनों दोस्त हैं। किशोर उम्र से ही दोनों पर अपराध दर्ज हुए हैं। अब डेढ़ माह पहले दोनों में किसी बात पर झगड़ा हो गया। इसी झगड़े में कुछ समय पहले दोनों में मारपीट भी हुई, जिसमें यश ने किशोर को पीट दिया। उसी की रंजिश में उसने सोमवार को घात लगाकर हमला किया।
परिजन इस रंजिश की जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। सीओ छर्रा संजीव तोमर के अनुसार यश के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। घायल को मेडिकल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
इस घटना के बाद हरदुआगंज पुलिस आरोपी किशोर को तलाश ही रही थी कि सवा बारह बजे कंट्रोल रूम को गांधीपार्क इलाके में बौनेर के पास सोनालिका ट्रैक्टर शोरूम पर फायरिंग की खबर मिली। यहां खबर पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो हरदुआगंज में फायरिंग का आरोपी ही यहां सीसीटीवी कैमरे में फायरिंग करते पाया गया।
सीओ द्वितीय व एसपी देहात भी पहुंच गए। इस संबंध में शोरूम संचालक हरदुअगांज के गांव शाहपुर के विकास उर्फ विक्की चौधरी ने गांधीपार्क में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में उन्होंने कहा है कि आरोपी उनसे दो लाख रुपये प्रतिमाह की रंगदारी मांगता है। इसी खुन्नस में वह उनके शोरूम पर दो साथियों संग आया। उसने आते ही कर्मचारी से विक्की के विषय में पूछा और तमंचे से ताबड़तोड़ दो फायर किए। इसके बाद साथियों संग भाग गया।
विक्की के अनुसार इससे पहले भी उसने 10 जून 2024 की रात हरदुआगंज में फॉरच्यूनर सवार विक्की चौधरी पर फायरिंग की थी। उस समय बाजार में खड़ी बाइक को हटवाने के लिए हॉर्न बजाया था, जिसको लेकर दोनों के बीच तनातनी हुई और इसके बाद फायर झोंक डाला। उसमें भी रिपोर्ट दर्ज हुई थी। विक्की व उनके परिवार के जिले में चार शोरूम हैं। विक्की का भाई निधिश इस बार धनीपुर से ब्लॉक प्रमुख पद के दावेदार है।
आरोपी बाल अपचारी ने पहली घटना को दोस्ती में हुई खुन्नस में व दूसरी को प्लान बनाकर पुरानी रंजिश में अंजाम दिया है। दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। तीन टीमें उसे तलाश रही हैं। उसके दो साथी हिरासत में लिए गए है।-अमृत जैन, एसपी देहात
अलीगढ़ पुलिस रिकार्ड के अनुसार हमलावर किशोर व उसके घायल दोस्त व एक अन्य साथी किशोर उम्र से अपराध कर रहे हैं। दोनों पर कई मामले दर्ज हैं।
जरायम की दुनिया में मुकाम बनाने की हसरत लिए ये अपराध शुरू किए। शुरुआत में पुलिस ने किशोर उम्र की नादानियां जानकर सख्ती नहीं की लेकिन जब संगीन अपराधों के मामले सामने आए तो इनके विरुद्ध अपराध पंजीकृत हुए। हमलावर किशोर पर वर्ष 2024 से पिछले माह दिसंबर तक आठ मामले संगीन धाराओं में दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, बलवा, गाली गलौज, धमकाना, चौथ वसूली, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। एक मामला 23 दिसंबर 2025 को लूट का है। घायल यश जैन पर छह मामले दर्ज हैं। इनमें कुछ में वह आरोपी का साथी है।
कपड़ा व्यापारी से लूट में नहीं हुई कार्रवाई
गत 20 दिसंबर को आरोपी किशोर ने हरदुआगंज के कपड़ा व्यापारी शिवम कश्यप को पीटकर उससे रुपयों का बैग छीन लिया था। इस मामले में 23 दिसंबर को नामजद किशोर समेत उसके एक दोस्त और सात अज्ञात साथियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली। मगर उसमें आज तक कार्रवाई नहीं हुई।
हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई। अब तक की पुलिस जांच में उजागर हुआ है कि बाल अपचारी व यश की दोस्ती में किसी युवती को लेकर रार उपजी है। दोनों उसपर डोरे डाल रहे हैं। इसी रार में इनमें झगड़ा शुरू हुआ।
अब जमानतियों पर शिकंजा
किशोर होने का लाभ उठाकर लगातार अपराध कर रहे आरोपी के जमानतियों को अब पुलिस तलाशने में जुट गई है। तीन टीमें आरोपी की तलाश कर रही हैं, जबकि थाना पुलिस जमानतियों को पकड़कर उनपर शिकंजा कसने की तैयारी में जुटी हुई है।
पिता पर भी दर्ज थे हत्या आदि के अपराध
किशोर के पिता पर भी हत्या आदि के अपराध दर्ज थे। पुलिस रिकार्ड में वह सुपारी लेकर हत्या आदि के अपराध करता था। कुछ समय पहले उसके पिता की दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।