गांव बिजौली निवासी 24 वर्षीय श्याम कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। उसके ही चार साथियों ने उसे पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसका एम्स दिल्ली में इलाज चल रहा था।
गांव निवासी ओम प्रकाश पुत्र भवानी सिंह के अनुसार 10 मार्च को उनका बेटा श्याम कुमार खाना खाने के बाद सोने जा रहा था। इसी बीच गांव निवासी ललित कुमार उर्फ लवली पुत्र गोपाली सिंह ने घूमने की बात कहकर उसे बुला लिया। उसने गांव के ही अपने तीन साथियों बीनू, विनय और मोनू के साथ मिलकर श्याम कुमार को बुरी तरह से पीटा। खबर पाकर वह पहुंचे तो उनका बेटा बुरी तरह से लहूलुहान था। सिर पर गंभीर चोट थी और वह बेहोश पड़ा था।
वह घायल बेटे को लेकर थाने पहुंचे, जहां से सीएचसी भेज दिया गया। वहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से जेएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हालत गंभीर होने पर वह एम्स दिल्ली रेफर कर दिया गया जहां इलाज के दौरान उनके बेटे की मौत हो गई। वह सात भाइयों में तीसरे नंबर पर था। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही उन्हें दबोचा जाएगा।