गांव भोजपुर के युवक की हरियाणा के बल्लभगढ़ में सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि साथ मौजूद उसका ममेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय लोगों ने एक अस्पताल में भर्ती कराया है।
भोजपुर गांव के पूर्व प्रधान जीवन सिंह ने बताया कि गांव निवासी सोना (18) पुत्र राजू अपने ममेरे भाई गौरव पुत्र मुकेश कुमार निवासी गांव शाहगढ़ थाना अकराबाद के साथ कुछ समय से हरियाणा के बल्लभगढ़ में ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने गया था।
सोमवार की रात करीब आठ बजे दोनों काम समाप्त कर बाइक पर अपने कमरे के लिए लौट रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन बाइक में टक्कर मारकर निकल गया। हादसे में सोना की मौके पर मौत हो गई जबकि गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक के पिता मजदूरी करते हैं। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर और अविवाहित था। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार की देर शाम शव गांव पहुंचा तो परिवार की महिलाओं में चीख-पुकार से गांव का माहौल गमगीन हो गया।