थाना पाली मुकीमपुर क्षेत्र के गांव चंदियाना रामपुर निवासी पूरन सिंह रविवार की शाम लापता हैं। उनकी पत्नी रीमा देवी ने सोमवार को थाने पहुंचकर रिश्तेदार महेंद्र सिंह और उसके दोस्त गिरधारी निवासी धोबई थाना सहसवान जिला बदायूं पर शराब पिलाने के बाद संभल जिले के मिठनपुर में पति को गंगा नदी में धक्का देकर गिराने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दर्ज रिपोर्ट में बताया कि रीमा देवी ने बताया कि वह पहले थाना जुनावई पहुंचीं, लेकिन वहां की पुलिस ने पाली मुकीमपुर क्षेत्र की घटना बताकर लौटा दिया। इस पर उन्होंने क्षेत्राधिकारी छर्रा से न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद पालीमुकीमपुर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने पूरन सिंह को घर से साथ ले जाने के दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
पालीमुकीमपुर थाना प्रभारी धर्मेंद्र पंवार ने बताया कि पुलिस और पीएसी कर्मी स्टीमर के जरिये गंगा नदी में लापता व्यक्ति की तलाश कर रहे हैं। परिजन के साथ ही रिश्तेदार और ग्रामीण भी गंगा नदी के किनारे मौजूद थे। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल था। थाना प्रभारी ने बताया हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।