खैर स्वास्थ्य केंद्र के बाहर खड़े दोनों किशोरों के परिजन।
- फोटो : samvad
मोहल्ला सराफान स्थित जामा मस्जिद के पास रविवार रात को मोमोज की ठेली पर खड़े दो किशोरों पर एक युवक ने गर्म तेल फेंक दिया। इससे दोनों युवक बुरी तरह झुलस गए। एक को गंभीर हालत में जेएन मेडिकल कॉलेज भेजा है।
सराफान मोहल्ला निवासी आबिद पुत्र भूरा और हमीर पुत्र शहाबुद्दीन मोमोज खाने के लिए ठेली पर पहुंचे थे। स्थानीय लोगों ने बताया है कि उसी दौरान मोहल्ले का एक युवक शराब के नशे में वहां पहुंचा। ठेली पर मोमोज विक्रेता से झगड़ा करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने तेल से भरी कढ़ाई उठाकर फेंक दी, जिसका गर्म तेल पास में खड़े दोनों किशोरों पर जा गिरा। घटना में आबिद गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि हमीर मामूली रूप से झुलस गया।
जानकारी होने पर परिजन मौके पर आ गए। दोनों को खैर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से आबिद की हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मामले में खैर क्राइम इंस्पेक्टर रितेश कुमार ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। घायल किशोरों को उपचार के लिए रेफर किया गया है। तहरीर मिलने पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।