शनिवार को नोएडा से सिद्धार्थ नगर के लिए निकले युवक की मोटरसाइकिल से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में युवक के कोरोना संक्रमित होने की अफवाह फैल गई। शव के नजदीक कोई भी नहीं गया। परिवार वाले 15 हजार रुपये में निजी गाड़ी कर शव ले गए।
सिद्धार्थ नगर निवासी विनोद तिवारी (29) पुत्र राममिलन तिवारी परिवार व भाइयों के साथ नोएडा में रहकर काम कर रहे थे। उन्हें मुंह का कैंसर था, जिसका इलाज हुआ था। पूरे देश में लॉकडाउन होने के बाद पूरा परिवार तीन बाइकों से नोएडा से सिद्धार्थ नगर के लिए चला था। शनिवार को सुबह 10 बजे सिकंदराराऊ में बस स्टैंड के निकट आते ही विनोद अचानक गिर गए। और उनकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद वहां इकट्ठे लोगों में अफवाह फैल गई कि युवक कोरोना संक्रमित था। इसके बाद कोई भी उसके शव के पास नहीं गया। इस दौरान लोगों ने एंबुलेंस को लगातार फोन किया लेकिन एंबुलेंस नहीं आई।
कोतवाल प्रवेश राणा को मृतक की पत्नी ने बताया कि इन्हें कैंसर था। यह बात कोतवाल ने लोगों को बताई। कोतवाल ने सिपाही की मदद से शव को उठा कर वाहन में रख सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी पर मृतक के भाई ने एसडीएम विजय शर्मा, सीओ डॉ. राजीव सिंह को बीमारी के विषय में पूरी जानकारी दी। यहां से 15 हजार रुपये में निजी वाहन कर शव को परिवार सिद्धार्थ नगर ले गए।
घरों में रहने को कहा तो पुलिस को पीटा, वर्दी फाड़ी
उधर अलीगढ़ के अकराबाद में कौड़ियागंज कस्बा स्थित उमेश चंद्र इंटर कॉलेज के पास शनिवार शाम करीब चार बजे 20-25 की संख्या में बैठकर ताश खेल रहे लोगों को घरों में रहने के लिए समझाना पुलिस के लिए महंगा पड़ गया। इससे भड़के लोगों ने पुलिसकर्मियों से मारपीट शुरू कर दी।
वर्दी फाड़ते हुए दरोगा लालबहादुर सिंह की सरकारी पिस्टल छीनने की भी कोशिश की। सूचना पर फोर्स के साथ सीओ बरला कर्मवीर सिंह मौके पर पहुंच गए। मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। 12 नामजद समेत 25 अज्ञात पर दरोगा की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।