हरदुआगंज क्षेत्र के गांव बहरामपुर में बुधवार रात जमीन पर सो रही महिला को सांप ने डस लिया, परिजन मेडिकल कॉलेज लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। महिला के घर का बिजली कनेक्शन बकाए के कारण काटा जा चुका है।
गांव बहरामपुर निवासी संजू दिल्ली में हलवाई का काम करता है, पत्नी राधा (30) बच्चों के साथ गांव में रहती थी। ग्राम प्रधान नरेंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार रात करीब 11:00 बजे महिला अपने दो वर्षीय बेटे के साथ कमरे में जमीन पर सो रही थी, इसी दौरान सांप ने उसके कंधे पर डस लिया। कुछ देर बाद महिला के शरीर में दर्द और गले में जकड़न होने लगी तो परिजन उसे बौनेर स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, वहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला के चार बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़ी बेटी है जो 13 वर्ष की है, सभी का रो रोकर बुरा हाल है।