अलीगढ़-पलवल हाईवे पर गांव करसुआ के पास सड़क के गड्ढे से अनियंत्रित हुआ ट्रक पलट गया। हादसा रात करीब नौ बजे का है। साढ़े तीन घंटे बाद रात करीब 12 बजे पुलिस ने क्रेन के जरिये ट्रक सीधा करवाया तो नीचे एक व्यक्ति दबा पड़ा था। तत्काल पुलिस उसे लेकर अस्पताल पहुंची जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
लोधा थाना कोतवाल सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान जनपद हाथरस के थाना जंक्शन के गांव नगला मोती निवासी तरुण (32) पुत्र रामवीर के रूप में हुई है। खबर पर मृतक के परिजन आ गए थे। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिवार की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है।
थाना पुलिस के अनुसार एटा जनपद निवासी चालक जोगिंदर नोएडा से ट्रक में माल लादकर नेपाल जा रहे थे। रात करीब नौ बजे करसुआ गांव के पास सड़क के गड्ढे के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें चालक को मामूली चोट आई।
तब तक ट्रक के नीचे किसी के दबे होने का कोई अंदेशा तक नहीं था। रात करीब साढ़े 12 बजे क्रेन के जरिये ट्रक हटवाया गया तब हाथरस का युवक दबा मिला। युवक किसी वाहन का इंतजार कर रहा था, तभी ट्रक पलटने से उसके नीचे दब गया था।
ट्रक पलटने के बाद कुछ देर के लिए लगा था जाम
ट्रक पलटने के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर जाम लग गया था। इससे यातायात प्रभावित हुआ। सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने पलटे ट्रक के बगल से रास्ता साफ कराते हुए यातायात सुचारू कराया। चालक को अस्पताल ले जाकर इलाज करवाया। देर रात क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा कराया तब पूरी तरह आवागम सुचारू हो सका।