शहर में अलग-अलग स्थानों पर चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के फरार चल रहे पच्चीस हजार के इनामी एक बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। बदमाश के पास से तमंचा कारतूस और 5 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं । बदमाश को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाना देहली गेट पुलिस को गुरुवार की देर रात सूचना मिली के शाहपुर कुतुब पर एक बदमाश वारदात करने के इरादे से बैठा हुआ है। वह वहां से गुजर रहे वाहनों पर नजर रख रहा है।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर आशीष कुमार अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाश की घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को घिरता हुआ देखकर बदमाश भागने लगा। पुलिस के पीछा करने पर बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आवश्यक बल प्रयोग करके मुन्ना उर्फ बड़ेला निवासी दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया। मुन्ना पर थाना देहली गेट में चोरी, लूट, नकबजनी आदि के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। पिछले दिनों मुन्ना ने हाईवे पर स्कूटी और मोटरसाइकिल की लूट की घटना को अंजाम दिया था।