जवां के गांव सुनाना में मौजूद पुलिस बल। संवाद
- फोटो : samvad
ग्राम सुनाना में मंगलवार रात अनुसूचित जाति के युवक की बरात की चढ़त के दौरान हुए संघर्ष और पथराव की घटना में एक रिपोर्ट अज्ञात में पुलिस की ओर से दर्ज की गई है। दूसरी रिपोर्ट डीजे संचालक ने दर्ज कराई है। इसके अलावा अनुसूचित जाति और ठाकुर पक्ष की ओर से भी रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी है। प्रकरण पर भीम आर्मी नेता व सांसद चंद्रशेखर, सपा और कांग्रेस ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है।
डीजे संचालक की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में दो लोगों पर जबरन आपत्तिजनक गाना बजवाने और उसकी वजह से झगड़ा होने का आरोप लगाया है। इस झगड़े में उसका डीजे भी क्षतिग्रस्त हुआ है। गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। आसपास के कई थानों की पुलिस और डेढ़ सेक्शन पीएसी तैनात है।
इस प्रकरण को लेकर दुल्हन पक्ष के लोग बुधवार को एसएसपी से मिले और पुरानी रंजिश में ठाकुर पक्ष पर हमला करने का आरोप हुए कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि शादी के दौरान झगड़े का अंदेशा जताते हुए मंगलवार शाम को ही पुलिस को सूचना दे दी थी। एसएसपी नीरज जादौन ने घटना की वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करने की बात कही है। साथ ही दूसरे समाज के मोहल्ले में आपत्तिजनक गाना बजाने का सवाल भी उठाया।
भीम आर्मी सांसद चंद्रशेखर ने कहा कि यह हमला केवल एक परिवार पर नहीं, बल्कि पूरे अनुसूचित समाज की गरिमा और सांविधानिक अधिकारों पर हमला है। पीड़ित परिवार को सरकारी सुरक्षा और उचित मुआवजा व घायलों को समुचित इलाज दिया जाए। सुरक्षा की पूर्व मांग के बावजूद लापरवाही बरतने वाले संबंधित पुलिस अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाए। कांग्रेस और सपा ने एक्स पर इस घटना की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
यह थी घटना
ग्राम सुनाना में अनुसूचित जाति के पप्पन की पुत्री की बारात नगरिया थाना खैर से आई थी,मंगलवार रात चढ़त के दौरान बारात ठाकुर समाज के मोहल्ले में पहुंची तो डीजे पर आपत्तिजनक गाना बजा दिया गया। ठाकुर पक्ष के लोगों ने इस पर आपत्ति जताई और गाना बंद करने को कहा। गाना बंद नहीं कर पर दोनों समाज के लोग भिड़ गए और जमकर पथराव हुआ। बाद में पुलिस की कड़ी सुरक्षा में बरात को दुल्हन के घर तक पहुंचाया और शादी संपन्न कराई।
-शादी सुरक्षा के बीच सकुशल संपन्न हो गई। बरात बुधवार को विदा करा दी गई। पुलिस की ओर से अज्ञात में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों पक्षों के लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिल गई है। सर्वम सिंह, सीओ तृतीय