अलीगढ़ के एक प्राथमिक विद्यालय में बड़ा हादसा टल गया। उसकी छत का एक हिस्सा गिर गया। जिससे एक बच्चे के पैर में फ्रैक्चर हो गया तो दूसरे को चोटें आई हैं। इस संबंध में बीएसए डॉ. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि इस मामले में जांच कराई जाएगी।
अलीगढ़ में विकासखंड धनीपुर के प्राथमिक विद्यालय फरीदपुर की छत का एक हिस्सा गिर गया, छात्र हिमांशु इसकी चपेट में आ गया। जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। हिमांशु के अलावा प्रशांत को भी चोटें आई हैं।
विज्ञापन
छत गिरने की सूचना पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ठा. सोमवीर सिंह गांव पहुंच गए। उन्होंने छत का लिंटर बनाने में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने डीएम से इस मामले की जांच कराने की मांग की है। उनके साथ जिला उपाध्यक्ष मो. जियाउद्दीन राही भी थे। इस संबंध में बीएसए डॉ. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि इस मामले में जांच कराई जाएगी।
मकान का जर्जर हिस्सा गिरा
इधर, शहर के सराय मानसिंह में बारिश के दौरान एक मकान का एक जर्जर हिस्सा गिर गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। लोगों ने बताया कि दानी माहेश्वरी ने मकान का एक हिस्सा जर्जर होने के कारण उसे खाली कर दिया था, जबकि परिवार मकान के सही हिस्से में रह रहा है। बारिश के दौरान जर्जर हिस्सा गिर गया।