कस्बे के उसरह बाईपास रोड स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में शुक्रवार को एक बुजुर्ग को मदद का झांसा देकर टप्पेबाज 95 हजार रुपये लेकर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बैंक के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जट्टारी चौकी पुलिस ने कहा कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
थाना टप्पल क्षेत्र के ग्राम खेड़िया बुजुर्ग निवासी सूरजपाल (65) पुत्र खजान सिंह ने मौके पर पुलिस कर्मियों को बताया कि दो-तीन दिन पहले उन्होंने अपनी भैंस बेची थी। वही रुपये खाते में जमा करने के लए शुक्रवार की सुबह करीब 11:30 बजे बैंक शाखा में पहुंचे थे। अधिक उम्र और आंखों से कम दिखाई देने के कारण जमा पर्ची भरने में दिक्कत हो रही थी। बैंक में मौजूद एक युवक से फॉर्म भरने में मदद मांगी।
उस युवक ने पहले फॉर्म भरा और फिर उनके पास मौजूद 95 हजार रुपये ले लिए। कहा कि वह कैश काउंटर पर रुपये जमा करवा रहा है। वह दूर बैठकर इंतजार करते रहे। काफी देर तक युवक के न लौटने पर उन्होंने काउंटर पर जमा पर्ची मांगी तो बैंक कर्मी ने रुपये और जमा पर्ची मिलने से मना किया। यह सुनते ही उनके होश उड़ गए। वह युवक बैंक से गायब था।
बैंक के शाखा प्रबंधक आशुजानी ने बताया कि पीड़ित ने अधिक उम्र के कारण किसी बाहरी व्यक्ति की मदद ली थी। पुलिस कर्मियों ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। जट्टारी चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।